पौधे लगाकर बचाने का भी जिम्मा, शहर हरा-भरा रहे इसलिए कार में लेकर चलते हैं 300 लीटर पानी
छिंदवाड़ा का कल्पवृक्ष फांउडेशन 100 सप्ताह से लगातार कर रहा पौधारोपण, 900 सदस्यों की टीम छिंदवाड़ा को हरा भरा बनाने में जुटी.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 5, 2026 at 7:10 PM IST
छिंदवाड़ा: हर साल लाखों की संख्या में पौधे लगाए जाते हैं, उनमें से कुछ पौधे ही पेड़ का रूप ले पाते हैं. क्योंकि पौधे लगा तो दिए जाते हैं, लेकिन उनकी देखभाल प्रॉपर नहीं की जाती है. वहीं, छिंदवाड़ा का एक ऐसा ग्रुप है, जो न सिर्फ पौधे लगाता है, बल्कि साल भर उनकी देखरेख भी करता है. जिसका नतीजा यह है कि उन्होंने अब तक जितने भी पौधे लगाए हैं, उनमें सभी पौधे सही-सलामत हैं. पर्यावरण को सुंदर और धरती को हरा भरा बनाने के लिए प्रयास कर रहा यह ग्रुप साल भर पौधारोपण का काम करता है.
100 सप्ताह से लगातार लगा रहे हैं पौधे
छिंदवाड़ा का कल्पवृक्ष फांउडेशन ग्रुप पिछले 100 सप्ताह से शहर के अलग-अलग हिस्सों में पौधरोपण कर रहा है. इस ग्रुप ने इन पौधों की देख-रेख का जिम्मा भी उठाता है. फाउंडेशन के कपिल जैन ने बताया कि "हर सप्ताह नई जगह पर जाकर पौधरोपण करते हैं. इन पौधों को सप्ताह में 2 दिन पानी भी डालते हैं. जिसके जरिए पौधों की देख-रेख भी हो जाती है. जहां जरूरत होती है, वहां ट्री गार्ड भी लगाए जाते हैं." कपिल जैन अपनी कार में करीब 300 लीटर पानी लेकर चलते हैं, ताकि वे पौधों में पानी डाल सकें. उनके साथ उनकी पत्नी कविता भी इस काम में बराबर साथ देती हैं.
2 साल पहले लगाए गए पौधे बन चुके हैं पेड़
कल्पवृक्ष फांउडेशन की कविता जैन ने बताया कि "26 मई 2024 को कालीबाड़ी धरमटेकड़ी से शुरू हुआ यह कारवां आज तक निरंतर जारी है. 100 सप्ताह से लगातार पौधरोपण का यह सिलसिला चल रहा है. यहां पर फांउडेशन के सदस्य हर रविवार को पौधरोपण करते हैं और सप्ताह में 2 बार निर्धारित 5 से 7 लीटर पानी देने भी जाते हैं. 26 मई को भयंकर गर्मी होती है इसी दिन 2 साल पहले हमने पहला पौधा लगाया था, जो अब पेड़ बन गया है."

हर मौसम में किया जा सकता है पौधारोपण
कल्पवृक्ष फाउंडेशन के सदस्य जय सिंह बिंदवारी ने बताया कि "लोगों को लगता है कि गर्मी में लगाए गए पौधे सर्वाइव नहीं करते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है. यदि पौधों को सही से देखभाल किया जाए, तो हर मौसम में पौधारोपण हो सकता है. जिस तरह खेतों में सब्जी और फल हर मौसम में उगते हैं, उसी तरीके से पौधे भी उग सकते हैं. इसका उदाहरण हमारे द्वारा लगाए जा रहे पौधे हैं."

जन्मदिन हो या सालगिरह, दिन को खास बनाने के लिए लगाते हैं पौधे
कल्पवृक्ष फाउंडेशन के सदस्य अनुज चौकसे ने बताया कि "कल्पवृक्ष फाउंडेशन का उद्देश्य शहर को हरा-भरा बनाना है और हर व्यक्ति को प्रकृति से जोड़ना है. किसी सदस्य का जन्मदिन हो या शादी की सालगिरह, उसे खास बनाने के लिए फांउडेशन की ओर से पौधारोपण किया जाता है. अभी तक पुलिस ग्राउंड, रेलवे कॉलोनी, भरतादेव नरसिंहपुर रोड, विद्यासागर चौक, पोला ग्राउंड सहित कई स्थानों पर पौधरोपण किया गया है."
900 से ज्यादा लोगों की टीम करती है काम
कल्पवृक्ष फाउंडेशन के लगाए गए पौधों के बाद बहुत से प्रकृति प्रेमी इस अभियान से जुड़ गए हैं. वे पौधों की देख-रेख करते हैं और पानी भी देते हैं. कल्पवृक्ष फाउंडेशन की टीम में करीब 900 लोग हैं, जो जिले में अलग-अलग जगह पौधारोपण कर पर्यावरण को बचाने का काम कर रहे हैं.

- पन्ना के जंगलों में घुली दुर्लभ ड्राई फ्रूट के फलों की महक, बाजार में कीमत 2 हजार प्रति किलो
- चकाचक साफ दिखने लगा हिल स्टेशन पचमढ़ी, यूनिक मॉडिफाई वाहन से पहाड़ों में भी सफाई
फाउंडेशन के सदस्य कपिल जैन ने बताया कि "मित्रों के साथ एक बार वह गांगीवाड़ा पहुंचे थे, जहां पर एक बड़ के पेड़ के नीचे बैठने के बाद सुकुन और शांति का अनुभव हुआ था. उसी क्षण संकल्प लने के बाद 26 मई 2024 से अब तक लगातार हर रविवार को पौधरोपण किया जा रहा है. हमारा उद्देश्य छिंदवाड़ा को हरा-भरा बनाना और हर व्यक्ति को प्रकृति से जोड़ना है. कल्पवृक्ष फाउंडेशन की स्थापना का मार्गदर्शन पूर्व डीएसपी राजेंद्र सिंह बिंजरे से प्राप्त हुआ. उनके मार्गदर्शन में हमने फाउंडेशन का रजिस्ट्रेशन कराया और पुलिस ग्राउंड में लगभग 150 पौधों का रोपण किया."

