ETV Bharat / state

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी सड़कों पर, टी राजा पर रासुका लगाने 10 दिन का अल्टीमेटम

छिंदवाड़ा में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का प्रदर्शन. बीते दिनों रैली में आपत्तिजनक बयानबाजी करने वाले टी राजा के खिलाफ रोष.

Chhindwara GGP warning
टी राजा पर रासुका लगाने 10 दिन का अल्टीमेटम (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 23, 2026 at 7:19 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

छिंदवाड़ा : बीते दिनों हिंदू गर्जना रैली में छिंदवाड़ा पहुंचे टी राजा सिंह की विवादास्पद बयानबाजी ने जिले की राजनीति गर्मा दी है. राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई के लिए गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने छिंदवाड़ा में जोरदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा. गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को कलेक्टर कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचना था लेकिन पुलिस ने मानसरोवर कांप्लेक्स में ही रैली को रोक दिया.

16 फरवरी को हुई थी हिंदू गर्जना रैली

16 फरवरी को छिंदवाड़ा में हिंदू गर्जना रैली में विधायक और हिंदूवादी नेता टी राजा सिंह पहुंचे थे. दशहरा मैदान में अपने भाषण में उन्होंने एक विशेष समुदाय पर आपत्तिजनक बातें कही. इसको लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने छिंदवाड़ा में प्रदर्शन किया और टी राजा सिंह पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई करने की मांग की.

छिंदवाड़ा में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का प्रदर्शन (ETV BHARAT)

विहिप व बजरंग दल पर आरोप लगाए

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष देवरावेन भलावी ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा "विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने टी राजा सिंह को बुलाकर गलत बयानबाजी करवाई है. इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं. गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने ज्ञापन देने के बाद प्रशासन से मांग की है कि अगर 10 दिन के भीतर टी राजा सिंह पर मामला दर्ज नहीं हुआ तो फिर से पूरे जिले के गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ता उग्र प्रदर्शन करेंगे."

Chhindwara GGP warning
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का प्रदर्शन, पुलिस सतर्क (ETV BHARAT)

प्रशासन को ज्ञापन सौंपा, कार्रवाई का आश्वासन

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने प्रशासन को सूचना दी थी कि वे कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देंगे लेकिन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मानसरोवर कांप्लेक्स में ही बैरिकेडिंग की. मानसरोवर कांप्लेक्स में एसडीएम सुधीर जैन और पुलिस बल ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की रैली को रोककर ज्ञापन लिया. एसडीएम सुधीर जैन ने बताया "गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने टी राजा सिंह के बयान के विरोध में ज्ञापन देखकर कार्रवाई की मांग की है. प्रशासन उचित जांच करवा कर वैधानिक कार्रवाई करेगा."