कमलनाथ ने नितिन गडकरी से की डिमांड, फटाफट परिवहन मंत्री ने मोहन सरकार को सुनाया फरमान
पूर्व सीएम कमलनाथ ने छिंदवाड़ा के विकास के लिए रखी डिमांड, शहर में केंद्रीय सड़क निधि से ओवरब्रिज निर्माण कराने की मांग.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 9:37 AM IST
छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और छिंदवाड़ा के विधायक कमलनाथ ने केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को लेटर लिखकर शहर में विकास कराने की डिमांड की है.
कमलनाथ की केंद्रीय सड़क निधि से ओवरब्रिज निर्माण कराने की मांग
पूर्व सीएम कमलनाथ ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री को लेटर लिखकर डिमांड की है कि बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए छिंदवाड़ा शहर के भीतर ओवर ब्रिज की जरूरत है. कमलनाथ के मुख्यमंत्री रहते हुए भी ओवरब्रिज बनाने के लिए सर्वे किया गया था जिसमें मानसरोवर कांप्लेक्स से लेकर ईएलसी चौक तक ओवर ब्रिज बनाने की चर्चाएं तेज हुई थीं.
पूर्व सीएम कमलनाथ ने पत्र क्रमांक 242 के माध्यम से केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी को बताया है कि "छिंदवाड़ा शहर में बढ़ते व्यापार एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ ही यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए ओवरबिज्र निर्माण जरूरी है." कमलनाथ ने छिंदवाड़ा शहर से शहीद अमित ठेंगे चौक, मानसरोवर कॉम्प्लेक्स चौक से मेडिकल कॉलेज, इंदिरा तिराहा से सर्किट हाउस तिराहा एवं इंदिरा तिराहा से कृषि अनुसंधान केन्द्र चन्दनगांव छिंदवाड़ा तक रोड ओवरबिज्र के निर्माण की केन्द्रीय सड़क निधि से कराए जाने की मांग रखी. ओवर बिज्र निर्माण से शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था निर्मित होगी.
मध्य प्रदेश सरकार को गडकरी ने प्रपोजल भेजने के लिए कहा
जिला कांग्रेस कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि कमलनाथ के पत्र के जबाव में नितिन गडकरी ने भी लैटर लिखकर कहा कि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के दिशानिर्देश और सीआरआईएफ अधिनियम 2000 के तहत राज्य की सड़कों पर आरओबी, ओवरबिज्र के विकास हेतु सम्बंधित राज्य सरकारें प्राथमिकता के आधार पर केन्द्र सरकार को सेतु बंधन योजना के अंतर्गत परियोजनाओं की सूची भेजती हैं. इन तथ्यों को ध्यान में रखते हुए मंत्रालय के संबंधित अधिकारी को प्रस्ताव पर प्राथमिकता से विचार करने के लिए राज्य सरकार को भेजने के निर्देश दिए जा चुके हैं.
ये भी पढ़ें:
- महाराष्ट्र एमपी होंगे कनेक्ट, फर्राटे भरेंगी गाड़ियां, 2500 करोड़ की लागत से बनेगी फोरलेन सड़क
- बेरोजगारी में मध्य प्रदेश देश में नंबर वन, कमलनाथ का मोहन सरकार पर निशाना, बजट से पहले जुबानी जंग
नितिन गडकरी कमलनाथ के बेहतर राजनीतिक संबंध
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के बीच बेहतर राजनीतिक संबंधों की चर्चाएं पहले भी कई बार आ चुकी हैं. कुछ महीना पहले जबलपुर में बने वीरांगना रानी दुर्गावती फ्लाईओवर के उद्घाटन के दौरान भी नितिन गडकरी ने कहा था कि इस फ्लाईओवर का प्रस्ताव तत्कालीन कांग्रेस की सरकार में जब मुख्यमंत्री कमलनाथ थे उन्होंने भेजा था. इसके साथ ही कमलनाथ भी गडकरी की तारीफ कर चुके हैं सिवनी से सावनेर तक फोरलेन की मंजूरी को लेकर कमलनाथ ने नितिन गडकरी का आभार जताया था.

