छिंदवाड़ा में बाबू का कारनामा, घर उठा ले गया सरकारी फर्नीचर, तर्क सुन नहीं रोक पाएंगे हंसी
छिंदवाड़ा में सरकारी हॉस्टल के बाबू का कारनामा, अधीक्षक ने बाबू को किराए पर दे दिया हॉस्टल का पलंग और फर्नीचर.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 3:57 PM IST
|Updated : January 2, 2026 at 4:15 PM IST
छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में सरकारी छात्रावास के बाबू के कारनामे का गजब मामला सामने आया है. यहां अन्य पिछड़ा वर्ग छात्रावास के कई फर्नीचर को बाबू अपने घर पर ले गया. जब सरकारी संपत्ति के निजी उपयोग का मामला सुर्खियोंं में आया तो, बाबू की सफाई या कहें तर्क ने मामले को और बढ़ा दिया. क्लर्क ने जो तर्क दिया, वह किसी मजाक से कम नहीं. पढ़िए क्या है पूरा मामला.
सरकारी छात्रावास से बाबू घर ले गया फर्नीचर
अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण दफ्तर छिंदवाड़ा में क्लर्क मनोज धाकड़े खापाभाट के पिछड़ा वर्ग छात्रावास से पलंग, अलमारी, बुक सेल पर कुछ फर्नीचर अपने घर ले गए थे, जब मनोज धाकड़े फर्नीचर अपने घर ले जा रहे थे, उस दौरान उन्होंने सीसीटीवी बंद कर दिए थे. हालांकि इसका वीडियो छात्रावास के कुछ बच्चों ने अपने मोबाइल पर बना लिया था, जो अब सर्कुलेट हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया. कलेक्टर ने जांच टीम बनाई और जांच टीम के बाद क्लर्क ने जो आवेदन प्रस्तुत किया, वह किसी मजाक से कम नहीं है.

बाबू ने कहा किराए पर ले गया था सामान
इस मामले में जांच टीम ने काम शुरू किया, तो बाबू मनोज धाकड़े ने एक पत्र जांच टीम को दिया. जिसमें उसने कहा कि छात्रावास में कुछ सामान अधिक था. अगर वह फर्नीचर छात्रावास में रहता तो, बच्चे खराब कर सकते थे या फिर चूहे उन्हें नुकसान पहुंचा सकते थे. उसके घर में सामान की जरूरत थी, तो उसने इन सामानों को छात्रावास अधीक्षक तुलाराम चौरे से लीज पर लिया था.


- इंदौर कांड: मंत्री और महापौर के चौंकाने वाले खुलासे, बड़ा सवाल- फिर इतने असहाय व लाचार क्यों?
- भागीरथपुरा में डेथ इन क्यू, एक और महिला की डेथ, दावा 15 मौतों का पुष्टि सिर्फ 8 की
सरकारी सामान लीज पर दिया, अधीक्षक पर भी होगी कार्रवाई
पिछड़ा वर्ग व अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक संचालक संगीत देशमुख ने बताया कि "छात्रावास से फर्नीचर और कुछ सामान अधीक्षक ने एक क्लर्क को दिया है. जिसके फोटो और वीडियो सामने आए हैं. इस मामले में दोनों को नोटिस जारी किया गया है. दोनों की जवाब आने के बाद कार्रवाई की जाएगी शासकीय सामान को कोई भी व्यक्ति अपने घरेलू उपयोग या फिर लीज पर नहीं दे सकता अगर ऐसा किया गया है तो दोषियों के खिलाफ विधिवत कार्रवाई की जाएगी।

