बंगाल चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए विशेष सत्र, केवल निंदा प्रस्ताव पारित करेंगे: नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत
छत्तीसगढ़ विधानसभा में विशेष सत्र को लेकर सियासत गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने निशाना साधा है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : April 22, 2026 at 6:20 PM IST
बैकुंठपुर: छत्तीसगढ़ में विधानसभा के प्रस्तावित विशेष सत्र को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है. नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने सत्र बुलाने के फैसले पर सवाल उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा है.
सिर्फ निंदा प्रस्ताव पारित करने बुलाया सत्र-महंत
चरणदास महंत ने कहा कि विधानसभा का विशेष सत्र प्रदेश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए बुलाया जाता है, लेकिन इस बार केंद्र के दबाव में केवल निंदा प्रस्ताव पारित कराने के उद्देश्य से सत्र बुलाया जा रहा है. हमने तो गांधी जयंती पर विशेष सत्र बुलाया था.
चरणदास महंत ने कसा तंज
चरणदास महंत ने तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में पहली बार सुना है कि केवल निंदा प्रस्ताव के लिए विशेष सत्र बुलाया जा रहा है.
चरणदास महंत ने यह भी कहा कि अगर सरकार झूठ को सच साबित करने के लिए सत्र बुला रही है तो एक दिन की बजाय दो दिन का सत्र बुला ले. महंत ने कहा, ''पहले दिन आप निंदा कर लीजिए, गालियां दे दीजिए और दूसरे दिन हमें भी अपनी बात रखने का मौका दीजिए.''

नेता प्रतिपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि आगामी बंगाल चुनाव को ध्यान में रखते हुए इस पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक रूप से भुनाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि देश की जनता को इस तरह के राजनीतिक प्रयासों से गुमराह नहीं किया जा सकता.
झूठ बोलकर देश के लोगों को बेवकूफ नहीं बनाया जा सकता-चरणदास महंत,नेता प्रतिपक्ष
महंत ने महिलाओं के विरोध प्रदर्शन को लेकर भी बयान दिया और कहा कि किसी भी आंदोलन या हड़ताल से पहले बिल की पूरी जानकारी समझ लेना जरूरी है.

