MCB जिले में 42 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, दोपहर में सड़कों और बाजारों में सन्नाटा, डॉक्टर ने दिए लू से बचने के टिप्स
भीषण गर्मी और लू से बचने के लिए लोग बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलें. पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 23, 2026 at 6:36 PM IST
मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर: जिले में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. लगातार बढ़ते तापमान ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित किया है. जिले में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिसके चलते दोपहर के समय शहर की सड़कें और बाजार लगभग सूने नजर आ रहे हैं. एक तरफ मौसम विभाग हीटवेव का अलर्ट जारी कर रहा है तो दूसरी तरफ स्वास्थ्य विभाग भी गर्मी में सेहत ठीक रखने की सलाह दे रहा है.
सड़कों पर आवाजाही कम
आम दिनों में जहां बाजारों और चौक-चौराहों पर चहल-पहल रहती थी, वहीं अब गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग से जारी हीट वेव अलर्ट के बाद लोगों ने एहतियात बरतना शुरू कर दिया है. तेज लू और चिलचिलाती धूप के कारण लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. गर्मी का असर छोटे व्यापारियों और दैनिक कामकाज पर भी साफ देखने को मिल रहा है.
सतर्क रहने की अपील
इधर स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ के अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने कहा है कि भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए लोग बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलें. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं, हल्के और सूती कपड़े पहनें और धूप में निकलते समय सिर ढंककर ही निकलें. शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए ORS घोल, नींबू पानी और बाकी तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें- डॉक्टर स्वप्निल तिवारी, अधीक्षक, सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़

ये लक्षण दिखें तो डॉक्टर से करें संपर्क
स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, उल्टी होना, तेज बुखार, अत्यधिक कमजोरी या सांस लेने में परेशानी जैसी समस्या महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की दिनचर्या को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है और आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है.

