छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने रचा इतिहास, एक साल में बेचे हजार करोड़ की संपत्ति
छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के इतिहास में पहली बार एक वर्ष में 1022 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों की बिक्री हुई है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 29, 2025 at 9:44 PM IST
रायपुर: छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने साल 2025 में नया कीर्तिमान रचा है. एक साल के अंदर संस्था ने आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों की जोरदार बिक्री की है. छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के बीच कुल 4689 संपत्तियों की बिक्री की है. इन संपत्तियों की कुल कीमत 1022 करोड़ रुपये से अधिक है. यह छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के गठन के बाद अब तक की सबसे ज्यादा वार्षिक बिक्री के आंकड़े हैं.
साय सरकार के मार्गदर्शन में हुआ मुमकिन
यह उल्लेखनीय प्रगति साय सरकार के मार्गदर्शन की वजह से संभव हो सकी है. छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने किफायती, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने की दिशा में योजनाबद्ध एवं प्रभावी कार्य किया है. जिससे यह सफलता हासिल हुई है.
कमजोर आय वर्ग को मिली प्राथमिकता
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने हमेशा से समाज के कमजोर और निम्न आय वर्ग के लोगों को महत्व दिया है. अब तक निर्मित कुल आवासों में लगभग 70 प्रतिशत आवास कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के हितग्राहियों के लिए बनाए गए हैं. विगत पांच वर्षों में जहां मंडल द्वारा औसतन 1387 संपत्तियों का प्रतिवर्ष विक्रय हुआ और औसत मूल्य लगभग 262 करोड़ रुपये रहा, वहीं वर्ष 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 4689 संपत्तियों एवं 1022 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
वन टाइम सेटलमेंट योजना से मिली कामयाबी
बीते एक साल में शासन की तरफ से लागू वन टाइम सेटलमेंट योजना के तहत हितग्राहियों को फायदा हुआ है. उन्हें 30 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की गई, जिसके परिणामस्वरूप 1452 संपत्तियों की बिक्री हुई है. इन संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 220.16 करोड़ रुपये रहा, जिससे मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के बड़ी संख्या में नागरिकों को सीधा फायदा हुआ.
आवास मेला का आयोजन रहा सफल
इस कवायद में छत्तीसगढ़ में आयोजित आवास मेला काफी सफल रहा है. मेले के दौरान छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा 26 जिलों में 2080 करोड़ रुपये की लागत वाली 56 नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया गया. साथ ही मेले के दौरान ही 305 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों की बिक्री हुई.
वर्ष 2025 में 1022 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों का विक्रय एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि है. यह सरकार की जनहितैषी नीतियों और आम नागरिकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है. मैं आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव तथा मंडल के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देता हूं- विष्णुदेव साय, सीएम, छत्तीसगढ़
एक वर्ष में 1022 करोड़ रुपये की संपत्तियों का विक्रय राज्य के आवास क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. यह मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच, स्पष्ट आवास नीति तथा हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का परिणाम है- ओपी चौधरी, वित्त मंत्री, छत्तीसगढ़
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने सीएम और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह पूरी टीम के प्रयास से सफल हो सका है.

