होली से पहले छत्तीसगढ़ पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, दुर्ग में 900 जवान, सूरजपुर में 600 जवान तैनात, जगह-जगह निकला फ्लैग मार्च
होली पर छत्तीसगढ़ में कड़ी सुरक्षा की तैयारी की गई है. इसके लिए पुलिस ने जिलों में फ्लैग मार्च निकालकर जायजा लिया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 2, 2026 at 8:52 PM IST
सूरजपुर\दुर्ग\धमतरी: रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए प्रदेश के कई जिलों में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सूरजपुर, दुर्ग और धमतरी समेत कई जिलों में भव्य फ्लैग मार्च निकाले गए. बड़ी संख्या में पुलिस जवानों ने शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में मार्च कर हालात का जायजा लिया.
सूरजपुर में 600 जवानों का पैदल मार्च
सूरजपुर में होली के मद्देनज़र करीब 600 पुलिस जवानों ने नगर के प्रमुख मार्गों और मोहल्लों में फ्लैग मार्च निकाला. इसका उद्देश्य असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना रहा. एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि होली के दिन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा. प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी और पेट्रोलिंग टीम लगातार सक्रिय रहेगी. हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
बिना सहमति किसी पर जबरदस्ती रंग न लगाएं, नशे की हालत में वाहन न चलाएं- एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर
दुर्ग में 900 पुलिसकर्मियों और 120 वाहनों का काफिला
दुर्ग जिले में एसएसपी विजय अग्रवाल की अगुवाई में सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम से भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया. इस दौरान कलेक्टर अभिजीत सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. करीब 900 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवानों ने शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में मार्च किया. लगभग 120 वाहनों का काफिला शहर के मुख्य चौक-चौराहों से गुजरा. इस बार ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी. तीन दिनों तक शहर में लगातार पेट्रोलिंग होगी और सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे.
सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. आपातकालीन सहायता के लिए 100 और 112 नंबर उपलब्ध हैं.- विजय अग्रवाल, SSP दुर्ग
धमतरी में 300 से अधिक जवान, क्यूआरटी भी तैनात
धमतरी जिले में लगभग 300 से अधिक पुलिस बल तैनात किए गए हैं. इसके अलावा 33 चारपहिया पेट्रोलिंग वाहन, 15 मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग, 2 क्यूआरटी टीम और 23 फिक्स पिकेट लगाए गए हैं. एसपी सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया. होटल-ढाबों और लॉज की जांच, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं.
अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, चाकूबाजी या किसी भी असामाजिक गतिविधि में शामिल लोगों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. शहर में सीसीटीवी निगरानी, रैंडम चेकिंग और लगातार गश्त जारी रहेगी.- एसपी सूरज सिंह परिहार
छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में पुलिस प्रशासन ने होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं. फ्लैग मार्च के जरिए जहां असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया गया है, वहीं आम जनता में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत किया गया है. प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी नागरिक सुरक्षित और आनंदपूर्वक होली का त्योहार मना सकें.

