ETV Bharat / state

बिलासपुर में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट, छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में येलो अलर्ट भी जारी, 3 दिन बाद तापमान में गिरावट संभव

मौसम विभाग ने हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है, हालांकि साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते कुछ जगह बारिश भी हो सकती है.

Chhattisgarh Heatwave Alert
मौसम विभाग ने हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : May 29, 2026 at 4:42 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने हीटवेव को लेकर 24 घंटे के लिए आरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. गुरुवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान रायपुर के माना में 44.4 डिग्री दर्ज किया गया. इसके साथ ही प्रदेश के दूसरे जिलों में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार हो गया है. आने वाले दिनों में भी इसी तरह के मौसम के बने रहने का अनुमान है.

इन जगह पर ऑरेंज अलर्ट

मौसम वैज्ञानिक एसके अवस्थी ने बताया कि प्रदेश के कुछ जिलों के लिए 24 घंटे के दौरान हीटवेव चलने को लेकर आरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है. अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक है. ऑरेंज अलर्ट में प्रदेश के बिलासपुर मुंगेली जिले के एक दो जगहों पर ग्रीष्म लहर चलने की आशंका है.

Chhattisgarh Heatwave Alert
बिलासपुर में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट, छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में येलो अलर्ट भी जारी (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

इन जगह के लिए येलो अलर्ट

वहीं जारी किए गए येलो अलर्ट में प्रदेश के दुर्ग, बालोद, खैरागढ़ छुईखदान गंडई, राजनांदगांव, मानपुर मोहल्ला अंबागढ़ चौकी जिले के एक दो जगहों पर ग्रीष्म लहर चलने की आशंका है.

गुरुवार को प्रदेश के शहरों का अधिकतम तापमान ऐसा रहा

  • माना (रायपुर)- 44.4 डिग्री
  • रायपुर- 40.7 डिग्री
  • बिलासपुर- 43.6 डिग्री
  • पेंड्रा रोड- 42.5 डिग्री
  • अंबिकापुर- 41.01 डिग्री
  • दुर्ग- 42.6 डिग्री
  • राजनादगांव- 43.8 डिग्री

3 दिन बाद तापमान में गिरावट संभव

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है. आगामी 24 घंटे के दौरान भी छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. तीन दिनों के बाद अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है. हालांकि आज से प्रदेश में मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने के साथ ही बारिश की एक्टिविटी बन रही है.

एक दो जगह तेज हवाओं के साथ बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी झारखंड और आसपास के इलाके में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. इसके साथ ही उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक एक द्रोणिका फैली हुई है, जो उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाके तक बना हुआ है. इसके प्रभाव से प्रदेश के एक दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. वहीं एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि गरज चमक और आकाशीय बिजली गिरने के भी आसार हैं.

भिलाई में पानी-बिजली का संकट, कांग्रेस पार्षदों ने दिया धरना, कहा- शहर सरकार हमारी लेकिन अधिकारी शासन के अधीन
भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर, धमतरी के बांधों में पर्याप्त पानी, जानिए गंगरेल समेत 4 डैम की स्थिति
जानलेवा हो रही गर्मी... बेजुबान भी परेशान, कोरबा के बाद बालोद में भी सैकड़ों चमगादड़ों की मौत