MCB जिले के दौरे पर DGP अरुण देव गौतम, कानून-व्यवस्था और संसाधनों की समीक्षा की, ट्रिपल मर्डर केस पर भी दिया बयान
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने पुलिस अधोसंरचना के विकास और संसाधनों में बढ़ोतरी का दिया भरोसा

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 5, 2026 at 8:37 PM IST
मनेन्द्रगढ़: छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने रविवार को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने एसपी कार्यालय और पुलिस लाइन का निरीक्षण किया तथा जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस विभाग की व्यवस्थाओं की समीक्षा की.
नए जिले के हिसाब से आगे की योजना बनेगी
मीडिया से बातचीत में डीजीपी ने कहा कि मनेन्द्रगढ़ नया जिला है, इसलिए यहां पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा. उन्होंने बताया कि दौरे का उद्देश्य जिले की जरूरतों को समझना और पुलिस को किन संसाधनों व सुविधाओं की आवश्यकता है, इसका आकलन करना है. इसके आधार पर आगे की योजनाएं तैयार की जाएंगी.
आने वाले समय में जिले में नया एसपी कार्यालय, आधुनिक पुलिस लाइन और पुलिस आवास बनाए जाएंगे. इससे पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकेगा.- अरुण देव गौतम, पुलिस महानिदेशक

पुराने कार्यकाल को किया याद
अपने पुराने कार्यकाल को याद करते हुए अरुण देव गौतम ने कहा कि कोरिया जिले के पहले पुलिस अधीक्षक के रूप में काम करना उनके लिए यादगार अनुभव रहा है. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से उनका विशेष जुड़ाव है और इसके विकास को लेकर वे हमेशा संवेदनशील रहे हैं.
ट्रिपल मर्डर पर दी प्रतिक्रिया
नौगई ट्रिपल मर्डर मामले पर डीजीपी ने कहा कि मामले की विस्तृत समीक्षा की जाएगी और जांच की प्रगति के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. वहीं पसौरी हत्या मामले में दो पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जांच जारी है और सभी तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
डीजीपी ने भरोसा जताया कि पुलिस अधोसंरचना के विकास और संसाधनों में बढ़ोतरी से जिले की कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी तथा लोगों को बेहतर पुलिसिंग का लाभ मिलेगा.

