मुख्यमंत्री साय ने प्रगति प्लेटफॉर्म को बताया गेमचेंजर, 664 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की भी मंजूरी
CM साय ने प्रगति प्लेटफॉर्म की तारीफ करते हुए कहा कि इसके जरिए दशकों से लंबित परियोजनाएं अब समयबद्ध रूप से पूरी हो रही हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 1, 2026 at 8:09 PM IST
रायपुर: प्रगति प्लेटफॉर्म से छत्तीसगढ़ के विकास को भी मजबूती मिल रही है. भिलाई इस्पात संयंत्र आधुनिकीकरण और लारा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को इससे नई गति मिली है. साथ ही केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के तहत नई सड़क परियोजनाओं को भी मंजूरी मिली है. मुख्यमंत्री साय ने प्रगति प्लेटफॉर्म को गेमचेंजर बताया है.
भिलाई इस्पात संयंत्र का आधुनिकीकरण: भिलाई इस्पात संयंत्र के आधुनिकीकरण से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख इस्पात उत्पादन केंद्र के रूप में और मजबूती मिली है. इस परियोजना से रेल उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी हुई है और हजारों युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं. दशकों से लंबित इस परियोजना को प्रगति प्लेटफॉर्म की नियमित समीक्षा और निगरानी से तेज़ी मिली, जिससे औद्योगिक विकास और सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिला.
लारा सुपर थर्मल पावर परियोजना से ऊर्जा सुरक्षा मजबूत: रायगढ़ स्थित एनटीपीसी की लारा सुपर थर्मल पावर परियोजना (1600 मेगावाट) अब छत्तीसगढ़ सहित छह राज्यों को बिजली आपूर्ति कर रही है. इस परियोजना से प्रदेश की ऊर्जा क्षमता बढ़ी है, उद्योगों और कृषि क्षेत्र को स्थिर बिजली मिल रही है और छत्तीसगढ़ की पहचान “पावर हब ऑफ इंडिया” के रूप में और सशक्त हुई है.
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी जी ने छत्तीसगढ़ को सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदान की है।
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) January 1, 2026
केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) के अंतर्गत मुंगेली, कांकेर,…
664.67 करोड़ की सड़क परियोजनाएं: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) के अंतर्गत मुंगेली, कांकेर, सुकमा/दंतेवाड़ा और गरियाबंद जिलों में 664.67 करोड़ की लागत से 173.70 किलोमीटर सड़कों को मंजूरी दी है. इन परियोजनाओं से बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, सुरक्षित परिवहन, स्थानीय व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा, खासकर बस्तर संभाग के दुर्गम इलाकों में विकास को गति मिलेगी.
प्रगति प्लेटफॉर्म बना विकास का गेमचेंजर: प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित प्रगति (PRAGATI) की 50वीं बैठक ने छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को नई रफ्तार दी है. यह आईसीटी आधारित प्लेटफॉर्म परियोजनाओं की निगरानी, बाधाओं के समाधान और अंतर-विभागीय समन्वय को मजबूत करता है. पिछले 10 वर्षों में इसके माध्यम से 85 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को गति मिली है, जिनमें छत्तीसगढ़ की कई अहम परियोजनाएं शामिल हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दशकों से लंबित परियोजनाएं अब समयबद्ध रूप से पूरी हो रही हैं. प्रगति प्लेटफॉर्म केंद्र सरकार की परिणामोन्मुख और निर्णायक कार्यशैली का सशक्त प्रमाण है. -विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री
CM ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र और लारा पावर परियोजना से उद्योग, ऊर्जा, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में वृद्धि हुई है. मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ तेज़ी से प्रगति पथ पर आगे बढ़ रहा है और विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य में अपनी निर्णायक भूमिका निभाएगा.

