दुर्ग में CM साय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता के समापन में हुए शामिल, कहा- नया रायपुर में बनेगी अकादमी
दुर्ग जिले के भिलाई में 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन हुआ. सीएम विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 27, 2026 at 9:05 PM IST
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दुर्ग दौरे पर रहे. उन्होंने भिलाई स्थित प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में आयोजित 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया. इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के 22 राज्यों और 7 केंद्रीय पुलिस इकाइयों के सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लिया. मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं.
मुख्यमंत्री ने कहा- खेल से बढ़ता है आत्मविश्वास
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस जवान दिन-रात कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ खेल के मैदान में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, यह अत्यंत सराहनीय है. कठिन परिस्थितियों में कर्तव्य निभाने वाले जवान जब खेलों में हिस्सा लेते हैं, तो उनका आत्मविश्वास और साहस प्रदेश का मान बढ़ाता है.
हर युवा को किसी न किसी खेल से जरूर जुड़ना चाहिए. आज खेलों में करियर की व्यापक संभावनाएं हैं और सरकार खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन दे रही है.- CM विष्णुदेव साय
ये रहे विजेता वर्ग
- महिला वर्ग में Border Security Force (BSF) की टीम विजेता रही, जबकि Uttar Pradesh की टीम उपविजेता बनी.
- पुरुष वर्ग में Indo-Tibetan Border Police (ITBP) ने खिताब अपने नाम किया. सभी विजेता टीमों को मुख्यमंत्री के हाथों ट्रॉफी प्रदान की गई.
नया रायपुर में बनेगी तीरंदाजी अकादमी
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नया रायपुर में 14 एकड़ जमीन पर तीरंदाजी अकादमी स्थापित की जा रही है. साथ ही खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन राशि की घोषणा भी की गई:
- ओलंपिक में भाग लेने पर- 21 लाख रुपये
- स्वर्ण पदक- 3 करोड़ रुपये
- रजत पदक- 2 करोड़ रुपये
- कांस्य पदक- 1 करोड़ रुपये
डीजीपी ने बताया गौरव का क्षण
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के डीजीपी अरुणदेव गौतम ने कहा कि इस आयोजन से प्रदेश की सकारात्मक छवि पूरे देश में जाएगी. उन्होंने कहा कि बस्तर सहित पूरे प्रदेश में सुरक्षा और विकास कार्यों को इससे नई पहचान मिलेगी. समारोह में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.

