दुर्ग में शिक्षा मंत्री ने छत्तीसगढ़ के बजट की गिनाई खासियत, भूपेश बघेल को बताया बड़ा किसान
बजट के साथ ही किसानों के बोनस, भूपेश बघेल के धान बेचने समेत कई मुद्दों पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बयान दिया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 2, 2026 at 7:19 PM IST
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के बजट के बाद शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने दुर्ग स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता की. उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा पेश किए गए 1.72 लाख करोड़ रुपये के बजट में कई प्रावधान किए गए हैं. यह बजट वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने की सोच के साथ तैयार किया गया है. बजट में शिक्षा, औद्योगिकीकरण, एआई, युवाओं के भविष्य और महिलाओं के सशक्तिकरण पर खास जोर दिया गया है.
किसानों को होली से पहले बड़ी सौगात
शिक्षा मंत्री ने बताया कि होली से पहले ही सरकार ने 25 लाख किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की है. उन्होंने कहा कि इससे त्योहार की खुशियां दोगुनी हो गई हैं. सरकार ने दो साल का बोनस और अंतर की राशि भी किसानों को दी है. उन्होंने कहा कि सरकार अपने सभी वादे तेजी से पूरे कर रही है.
देश का विकसित राज्य छत्तीसगढ़ कैसे हो इसे ध्यान में रखकर बजट बनाया गया है. शिक्षा पर फोकस है, AI, उद्योग समेत सभी वर्ग का ध्यान रखा गया है.- गजेंद्र यादव, शिक्षा मंत्री
युवाओं के लिए रोजगार और भर्ती प्रक्रिया तेज
गजेंद्र यादव ने बताया कि अब तक 10 हजार से ज्यादा भर्तियां की जा चुकी हैं. डी.एड. के तहत 2,500 पदों पर नियुक्ति पूरी हो चुकी है और आने वाले समय में करीब 5,000 और पदों पर भर्ती की जाएगी. विभिन्न विभागों में लगातार विज्ञापन जारी किए जा रहे हैं. साथ ही नई शिक्षा नीति को जमीनी स्तर पर तेजी से लागू किया जा रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा.
महिलाओं के लिए खास प्रावधान और विपक्ष पर तंज
मंत्री ने कहा कि सुकन्या बहनों को 18 साल पूरा होने पर रानी दुर्गावती योजना के तहत डेढ़ लाख रुपये देने का प्रावधान किया गया है. उन्होंने कहा कि बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के 40 लाख का धान बेचने के मामले पर मंत्री ने हंसते हुए कहा कि "वो बड़े किसान हैं, हम छोटे किसान हैं. उन्हें बड़े स्तर पर लाभ मिला है." अंत में उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं.

