छत्तीसगढ़ बजट 2026-27: वित्त मंत्री ओपी चौधरी पेश करेंगे विश्वास और विकास का बजट!
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आर्थिक सर्वेक्षण में बताया कि साल 2025-26 में सकल घरेलू उत्पाद में 11.57 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 24, 2026 at 7:27 AM IST
रायपुर: छत्तीसगढ़ के लिए आज का दिन काफी खास है. वित्त मंत्री ओपी चौधरी आज प्रदेश का वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे. दोपहर साढ़े 12 बजे वित्त मंत्री वित्तीय वर्ष 2026-2027 के आय-व्ययक का उपस्थापन विधानसभा में पेश करेंगे.
वित्त मंत्री ने बताया विश्वास और विकास का बजट
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर छत्तीसगढ़ के बजट को लेकर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा- "विश्वास और विकास का बजट! छत्तीसगढ़ बजट 2026-27..." इस पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तस्वीर के साथ वे हाथ में लाल रंग का बजट बैग लिए दिख रहे हैं.
विश्वास और विकास का बजट!
— OP Choudhary (@OPChoudhary_Ind) February 23, 2026
छत्तीसगढ़ बजट 2026-27... pic.twitter.com/30sEPxJETG
छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का आज दूसरा दिन
छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का आज दूसरा दिन है. दिन में 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होगी. सबसे पहले अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व सदस्य दीनदयाल सिंह पोर्ते के निधन का उल्लेख कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी. इसके बाद प्रश्नकाल होगा. दोपहर साढ़े 12 बजे वित्त मंत्री ओपी चौधरी छत्तीसगढ़ का बजट 2026-27 पेश करेंगे.
वित्त मंत्री ने सदन में पेश किया आर्थिक सर्वेक्षण
बजट सत्र शुरू होने के पहले दिन वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया. चौधरी ने बताया कि साल 2025-26 में सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) में 11.57 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है. आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ का GSDP 6.31 लाख करोड़ तक पहुंच सकता है. चौधरी ने इसे राज्य की विकास योजनाओं, अधोसंरचना विस्तार और निवेश बढ़ोतरी का परिणाम बताया है.

