ETV Bharat / state

छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र : 23 फरवरी से 20 मार्च तक होंगी 15 बैठकें, कवासी लखमा सदन में रहेंगे सशर्त उपस्थित

छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र 23 फरवरी से शुरु हो रहा है.बजट सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने जानकारी साझा की.

Chhattisgarh Assembly Budget Session
छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : February 21, 2026 at 4:24 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च तक चलेगा. इस दौरान 15 बैठक प्रस्तावित हैं. बजट सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने जानकारी दी. डॉ रमन सिंह ने कहा कि शराब घोटाला मामले में कांग्रेस के पूर्व मंत्री कवासी लखमा जमानत पर रिहा हो गए हैं. उन्होंने 6 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से लिखित में बजट सत्र में शामिल होने के लिए अनुमति मांगी है. शर्तों के मुताबिक कवासी लखमा छत्तीसगढ़ के 23 फरवरी से 20 मार्च तक चलने वाले बजट सत्र विधानसभा में उपस्थित रहेंगे.


कवासी लखमा बजट सत्र में रहेंगे उपस्थित

विधानसभा के अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने बताया कि महाधिवक्ता छत्तीसगढ़ की अभिमत अनुसार कवासी लखमा विधानसभा सदस्य को कुछ शर्तों के आधार पर विधानसभा के फरवरी मार्च 2026 की बजट सत्र में भाग लेने की अनुमति दी गई है. इस दौरान कवासी लखमा को आगमन और प्रस्थान की सटीक समय की जानकारी विधानसभा सचिवालय को देनी होगी. अपना एक्टिव मोबाइल नंबर कार्यालय में जमा करना होगा. वे अपने निवास या विधानसभा क्षेत्र का दौरा नहीं करेंगे. इसके साथ ही प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित नहीं करेंगे. सुप्रीम कोर्ट के नो स्पीच भाषण ना देने की शर्त की कड़ाई से पालन करेंगे. विधानसभा के अंदर और बाहर चल रही गुण दोष पर चर्चा नहीं करेंगे. कवासी लखमा की उपस्थिति केवल बजट सत्र चलने तक रहेगी. इन शर्तों का कड़ाई से पालन करने के आधार पर विधानसभा में उपस्थित होने की अनुमति दी जा रही है. यदि इन शर्तों का उल्लंघन होता है तो सदन की गरिमा को देखते हुए तत्काल अनुमति को रद्द किया जा सकता है.

नो स्पीच का मतलब है कि कवासी लखमा के ऊपर जो मामले चल रहे हैं गुण दोष के आधार पर विधानसभा में वक्तव्य नहीं दे सकते हैं. विधानसभा में बजट सत्र के अन्य विषय में बजट की चर्चा में भाग ले सकते हैं. कवासी लखमा को सुप्रीम कोर्ट से 3 फरवरी को जमानत मिली थी. 6 फरवरी 2026 को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर लिखित रूप में विधानसभा सत्र में उपस्थित होने की अनुमति मांगी थी. इस तरह की अनुमति कवासी ने सुप्रीम कोर्ट से मांगी थी, लेकिन उन्होंने इसे विधानसभा का मामला बताते हुए विधानसभा के अध्यक्ष का मामला बताया और उन्हीं से अनुमति लिए जाने की बात कही- डॉ रमन सिंह, अध्यक्ष, छग विधानसभा

छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र (Etv Bharat)

कितने दिन चलेगा छत्तीसगढ़ विधानसभा का सत्र

छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधान सभा का अष्टम सत्र (बजट सत्र) दिनांक 23 फरवरी से 20 मार्च, 2026 तक आहूत किया गया है. इस सत्र में कुल 15 बैठकें प्रस्तावित है. सत्र की शुरूआत सोमवार दिनांक 23 फरवरी, 2026 को सुबह 11.05 बजे राज्यपाल के अभिभाषण से होगी. राज्यपाल के अभिभाषण के कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर सभा में चर्चा बुधवार, दिनांक 25 फरवरी, 2026 को होगी. राज्यपाल के अभिभाषण का दूरदर्शन एवं आकाशवाणी से सीधा प्रसारण किया जाएगा.


इस बजट सत्र में जो वित्तीय एवं शासकीय कार्य संपादित किये जायेंगे, उनका विवरण निम्न है...

1. निधन उल्लेख- दीनदयाल सिंह पोर्ते, अविभाजित मध्यप्रदेश विधान सभा के पूर्व सदस्य.

2. वित्तीय कार्य-वित्तमंत्री ओ.पी. चौधरी वर्ष 2026-2027 के आय व्ययक का उपस्थापन मंगलवार दिनांक 24 फरवरी 2026 को दोपहर 12.30 बजे करेंगे. वित्तमंत्री के बजट भाषण का दूरदर्शन, रायपुर (छ.ग.) एवं आकाशवाणी, रायपुर (छ.ग.) से सीधा प्रसारण किया जाएगा.

3.गुरुवार 26 फरवरी 2026 एवं शुक्रवार 27 फरवरी 2026 को वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्ययक पर सामान्य चर्चा होगी.


2-दिनांक 09 से 17 मार्च, 2026 तक सभा में विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा होगी.

दिनांक 17 मार्च, 2026 आय-व्ययक की मांगों से संबंधित विनियोग विधेयक का पुनर्स्थापन होगा.

आय-व्ययक की मांगों से संबंधित विनियोग विधेयक पर चर्चा एवं पारण हेतु दिनांक 18 मार्च, 2026 की तिथि निर्धारित की गई है.


3. विधि विषयक कार्य

अभी तक शासकीय विधि-विषयक कार्यों के अंतर्गत निम्नलिखित विधेयकों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं

(A) छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक, 2026

(B) छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा (उपाय) प्रवर्तन विधेयक, 2026

4. प्रश्न, स्थगन एवं ध्यानकर्षण सूचनाएं

इस सत्र के लिए माननीय सदस्यों से अभी तक प्राप्त प्रश्नों की कुल 2813 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिनमें तारांकित प्रश्नों की कुल संख्या 1437 एवं अतारांकित प्रश्नों की कुल संख्या 1376 है.

(क) ध्यानाकर्षण प्रस्ताव की 61 सूचनाएं

(ख) नियम 139 के अधीन अविलंबनीय लोक महत्व के विषय पर चर्चा के लिए 01 सूचनाएं

(ग) अशासकीय संकल्प की कुल 13 सूचनाएं

(घ) शून्यकाल की 09 सूचनाएं

(ड़) याचिका की 112 सूचनाएं

CGPSC EXAM :सीजीपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा के नियम, सख्त ड्रेस कोड के साथ समय पर पहुंचना जरुरी

रायपुर में स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में निकली भर्ती, 31 स्कूलों के लिए कुल 151 पद, जानिए डिटेल

महासमुंद में म्यूल अकाउंट पर कार्रवाई, ग्रामीण के नाम पर खुलवाया बैंक खाता, कुछ ही दिन में करोड़ों का लेन-देन