ETV Bharat / state

छत्तीसगढ़ कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 8 कृषि केंद्रों को थमाया नोटिस

कलेक्टर ने खरीफ सीजन में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सख्त निगरानी के निर्देश दिए हैं.

Agriculture Department Chhattisgarh
भाटापारा और पलारी में भी मिली गड़बड़ी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : May 27, 2026 at 9:35 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

बलौदा बाजार: किसान खरीफ की फसल लगाने की तैयारियों में जुट गए हैं. किसान इसके लिए खाद और बीज जुटाने लगे हैं. छत्तीसगढ़ कृषि विभाग की कोशिश है कि किसानों को सही बीज और खाद मिले. इसके लिए कलेक्टर के निर्देश पर कृषि विभाग ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहा है. कृषि आदान केंद्रों की जांच कर उनके रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं. जिले के अलग-अलग विकासखंडों में चलाए गए निरीक्षण अभियान के दौरान कई दुकानों और समितियों में अनियमितताएं सामने आई हैं. जिसके बाद 8 कृषि केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने खरीफ 2026 के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सख्त निगरानी के निर्देश दिए हैं.


खाद-बीज दुकानों पर बढ़ी निगरानी

खरीफ सीजन में खाद और बीज की मांग अचानक बढ़ जाती है. ऐसे समय में कई जगहों पर कालाबाजारी, ओवररेटिंग और रिकॉर्ड में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आती हैं. इसी को देखते हुए कृषि विभाग ने जिले के विभिन्न विकासखंडों में निरीक्षण अभियान शुरू किया है. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, मूल्य सूची, उर्वरक उपलब्धता और अभिलेखों की जांच की. जहां भी नियमों का पालन नहीं मिला, वहां तत्काल नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है.

Agriculture Department Chhattisgarh
भाटापारा और पलारी में भी मिली गड़बड़ी (ETV Bharat)



टुंड्रा में बिना मूल्य सूची चल रहा था कृषि केंद्र

विकासखंड कसडोल में उर्वरक निरीक्षक शधनेश्वर साय ने मनीष कृषि केंद्र टुंड्रा का निरीक्षण किया. जांच के दौरान पाया गया कि केंद्र में उपलब्ध उर्वरक स्टॉक और मूल्य सूची का प्रदर्शन नहीं किया गया, यह किसानों के हितों के खिलाफ माना गया, क्योंकि बिना मूल्य सूची के किसानों से मनमानी कीमत वसूले जाने की आशंका रहती है. इसी कारण केंद्र संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया.



भाटापारा और पलारी में भी मिली गड़बड़ी

विकासखंड भाटापारा में उर्वरक निरीक्षक अवधेश उपाध्याय ने जैन लोहा बाड़ा का निरीक्षण किया. वहीं विकासखंड पलारी में निरीक्षक सुचिन कुमार वर्मा ने बघेल कृषि सेवा केंद्र और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति पलारी की जांच की. यहां भी उर्वरक स्टॉक और मूल्य सूची का प्रदर्शन सही नहीं पाया गया. इसके अलावा कृषि सेवा केंद्र में स्टॉक पंजी अपडेट नहीं था. इन अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए तीनों केंद्रों को नोटिस जारी किया गया है.



सहकारी समितियों के रिकॉर्ड में लापरवाही

उर्वरक निरीक्षक लोकनाथ दीवान ने कई समितियों का निरीक्षण किया. प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति दशरमा, सकरी, सुढेला और बिटकुली की जांच के दौरान बिटकुली समिति में अभिलेखों का उचित रखरखाव नहीं मिला. रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने के बाद समिति को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया.



निजी कृषि केंद्र भी जांच के घेरे में आए

कृषि विभाग ने केवल सहकारी समितियों तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि निजी कृषि केंद्रों पर भी सख्ती दिखाई है. लक्ष्मी ट्रेडर्स, संतोष कुमार अग्रवाल एंड कंपनी और ज्योति कृषि केंद्र का निरीक्षण किया गया. यहां जांच में ज्योति कृषि केंद्र में डेटा का सही रखरखाव नहीं मिला, जिसके बाद उसे भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.



सिमगा में 2 केंद्रों पर कार्रवाई

विकासखंड सिमगा में निरीक्षक जयनेन्द्र कंवर ने सोनकर कृषि केंद्र और भागवत कृषि केंद्र का निरीक्षण किया. दोनों जगहों पर उर्वरक स्टॉक सूची प्रदर्शित नहीं थी,
मूल्य सूची नहीं लगाई गई थी, स्टॉक पंजी सही तरीके से नहीं किया गया था. इन कमियों के कारण दोनों केंद्रों को नोटिस जारी किया गया.



किसान हितों पर फोकस

कृषि विभाग का कहना है कि कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य किसानों को सही दाम पर गुणवत्तायुक्त खाद और बीज उपलब्ध कराना है. अक्सर किसान बिना जानकारी के अधिक कीमत पर खाद खरीद लेते हैं या फिर रिकॉर्ड में गड़बड़ी के कारण उन्हें समय पर सामग्री नहीं मिल पाती. इसी वजह से विभाग अब जमीनी स्तर पर लगातार निगरानी कर रहा है.



अधिकारियों को कड़ाई बरतने के निर्देश

उप संचालक कृषि, दीपक कुमार नायक ने जिले के सभी निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि विकासखंड स्तर पर संचालित सभी कृषि आदान विक्रय केंद्रों का नियमित करें. उप संचालक ने कहा है कि जहां भी अनियमितता मिले, वहां नियमों के तहत तत्काल कार्रवाई की जाए.


किसानों से भी अपील

  • खाद-बीज खरीदते समय बिल जरूर लें
  • मूल्य सूची देखें
  • किसी भी तरह की ओवररेटिंग या गड़बड़ी की शिकायत तुरंत विभाग को दें
  • लाइसेंसधारी दुकानों से ही सामग्री खरीदें

फर्जी ई-चालान से बैंक अकाउंट हो रहा खाली, बलौदा बाजार पुलिस ने जारी की चेतावनी

पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश करने वाला पति बलौदा बाजार से गिरफ्तार

युवान पहल से ग्रीन लीडर बनने की राह पर बढ़ रहे युवा, बलौदा बाजार वन मंडल की नई कोशिश