आगरा किला में गूंजी शिवाजी की शौर्यगाथा; 'जय भवानी, जय शिवाजी' के नारे से गूंजा, महाराष्ट्र के CM भी पहुंचे
अध्यक्ष विनोद पाटील ने बताया कि शाम छह बजे भव्य शिव जयंती उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति शुरू हुई.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 19, 2026 at 7:49 PM IST
|Updated : February 20, 2026 at 9:40 AM IST
आगरा : आगरा किला गुरुवार शाम भगवा रंग में रंग गया. छत्रपति शिवाजी महाराज 396वीं जयंती समारोह को लेकर देशभर से लोग पहुंचे हैं. आगरा किला के बाहर एकदम नजारा बदला हुआ है. हर ओर भगवा और केसरिया रंग ही नजर आ रहा है. महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों से पहुंचे लोगों (शिव प्रेमी) ने जय भवानी, जय शिवाजी के नारे लगाये.
अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान के अध्यक्ष विनोद पाटील ने बताया कि आगरा किले में शाम छह बजे भव्य शिव जयंती उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति शुरू हुई. छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन का गौरव करने वाले गीत, शिवजन्म का पारंपरिक लोरी गीत, महाराष्ट्र राज्य गीत “गर्जा महाराष्ट्र माझा”, शिवाजी महाराज के जीवन पर नाटिका, शिव छत्रपति का पोवाडा के साथ ही आगरा किले की पृष्ठभूमि पर नीयाॅन लाइट और लेजर शो हुआ. 'इंडियाज गॉट टैलेंट' प्रतियोगिता से प्रसिद्ध हुए पुणे के विवेक पाटील ने उनकी गौरवगाथा प्रस्तुत की.
समारोह में आए ये अतिथि : आगरा किला में आयोजित छत्रपति शिवाजी महाराज के 396वीं जयंती उत्सव में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटील, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथजी शिंदे, राजस्थान के राज्यपाल महामहिम हरिभाऊ बागड़े, केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशिषजी शेलार, फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर, उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, पूर्व केंद्रीय रेलवे राज्यमंत्री रावसाहेब दानवे, अमरसिंह पंडित समेत अन्य अतिथि शामिल हुए.

2023 से हो रहा आयोजन: आगरा किला में पहली बार 19 फरवरी 2023 को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर भव्य जयंती समारोह मनाई गई थी. तब दीवान-ए-आम के सामने जयंती समारोह हुआ था. इसके बाद 2024 में भी दीवान-ए-आम के सामने जयंती समारोह आयोजित हुआ.
2025 में महाराष्ट्र सरकार और अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) से छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती समारोह की अनुमति जहांगीर महल के सामने मिली. इस बार भी आगरा किला में जहांगीर महल के सामने ही भव्य कार्यक्रम की अनुमति मिली है.

आगरा किला में आयोजित भव्य शिव जन्मोत्सव में सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सात दशकों तक NCERT और CBSE के पाठयक्रम में मुगल साम्राज्य के लिए 17 पन्ने दिए गए थे. शिवाजी महाराज के लिए केवल एक पैराग्राफ था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वजह से अब मराठा साम्राज्य के लिए 20 पन्ने पढ़ाए जा रहे हैं. अब भारत में मुगलों से ज्यादा मराठा इतिहास पढ़ाया जाएगा.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज का भव्य स्मारक बनेगा. इसके लिए योगी सरकार का आभार है कि हमारी सरकार के आग्रह पर उन्होंने तत्परता दिखाकर अपनी कैबिनेट के माध्यम से स्मारक के लिए भूमि अधिग्रहण का निर्णय लिया. आगरा किला उस स्वाभिमान की भूमि है, जो हमें शिवाजी महाराज ने सिखाया है. जिस स्थान पर महाराज को कैद रखा गया था, वहां स्मारक बनने जा रहा है.
यह भी पढ़ें : आगरा किला में गूंजेगी शिवाजी की शौर्यगाथा; महाराष्ट्र CM और राजस्थान के राज्यपाल पहुंचेंगे

