ETV Bharat / state

मुख्यमंत्री के प्रोग्राम के लिए पुलिस ने मांगे रजाई-गद्दे, टेंट संचालक का पेमेंट सिपाही ने हड़पा

छतरपुर के टेंट संचालक ने एसपी से शिकायत कर भुगतान दिलाने की गुहार लगाई. डेढ़ साल से काट रहा चक्कर.

constable embezzled payment
टेंट संचालक का आरोप- उसका पेमेंट सिपाही ने हड़पा (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 25, 2026 at 2:16 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

छतरपुर: प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यक्रम के लिए पुलिस विभाग को गद्दा-रजाई सप्लाई करने वाले टेंट संचालक के साथ धोखा हो गया. डेढ़ साल तक भुगतान के लिए चक्कर लगाने के बाद भी पूरी राशि नहीं मिलने पर टेंट संचालक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है. टेंट संचालक का पेमेंट एक सिपाही पर हड़पने का आरोप है.

पुलिस विभाग ने मंगाए थे रजाई-गद्दे

जय बाबा टेंट हाउस के संचालक पवन सोनी ने शिकायत में कहा "उसने 20 फरवरी 2025 को खजुराहो में आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और 22 दिसंबर 2024 को सटई में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में रजाई और गद्दे सप्लाई किए थे. दोनों कार्यक्रमों का कुल बिल 31 हजार रुपए बना था. भुगतान के नाम पर पुलिस अधिकारी लगातार आश्वासन देते रहे, लेकिन राशि जारी नहीं की गई."

अपनी व्यथा सुनाता हुआ टेंट संचालक (ETV BHARAT)

भुगतान की जगह मिल रहा केवल आश्वासन

पीड़ित टेंट संचालक पवन सोनी का कहना है "रक्षित निरीक्षक (आरआई) पूर्णिमा मिश्रा भुगतान का भरोसा दिलाती रहीं, जबकि पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक धर्मेंद्र यादव ने फोन उठाना बंद कर दिया. हम पैसे मांग कर हार चुके तो SP को शिकायत देनी पड़ी. शिकायत के बाद मामले ने तूल पकड़ा तो 31 हजार की जगह 18 प्रतिशत जीएसटी काटकर करीब 24 हजार रुपए देने का आश्वासन दिया गया, लेकिन वह भी नहीं मिल रहे हैं. 7 हजार रुपए का नुकसान भी हो रहा है."

पूरा भुगतान नहीं हुआ तो सीएम से करूंगा शिकायत

टेंट संचालक का कहना है "उसका जीएसटी नंबर नहीं होने की बात कही गई. जबकि मेरा GST नंबर है लेकिन कोई सुनने वाला नही है. अगर पूरा भुगतान नहीं हुआ तो CM से शिकायत करूंगा." इस मामले में CSP अरुण सोनी का कहना है "उनके पास अभी तक औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची है. शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी."