ETV Bharat / state

छतरपुर में 10वीं का पेपर देने जा रही छात्रा की मौत, बाइक की टक्कर से पलटा ई-रिक्शा

छतरपुर में एक दर्दनाक हादसे में 10वीं की छात्रा की मौत. घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार. मामले की जांच में जुटी पुलिस.

CHHATARPUR 10TH CLASS STUDENT DEATH
छतरपुर में 10वीं का पेपर देने जा रही छात्रा की मौत (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 27, 2026 at 1:40 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रिपोर्ट: मनोज सोनी

छतरपुर: नौगांव में दसवीं का पेपर देने जा रही एक छात्रा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. यह छात्रा ई-रिक्शे से स्कूल जा रही थी तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने ई-रिक्शे को टक्कर मार दी और ई-रिक्शा पलट गया. ई-रिक्शे के नीचे आने से छात्रा के सिर में गंभीर चोट आई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई. अस्पताल में डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया.

बाइक की टक्कर से पलटा ई-रिक्शा, छात्रा की मौत

छतरपुर से 25 किलोमीटर दूर नौगांव थाना इलाके के ईशानगर चौराहे पर 10वीं की छात्रा मऊ सानिया निवासी दीपा अहिरवार दसवीं का पेपर देने ई रिक्शा से स्कूल जा रही थी. इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार बाइक ने उस रिक्शे में टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही रिक्शा पलट गया और छात्रा रिक्शे के नीचे दब गई और बेहोश हो गई. इस हादसे में सिर में गंभीर चोट लगी. मौके पर मौजूद लोगों ने छात्रा को नौगांव हॉस्पिटल भेजा. डॉक्टर ने तत्काल इलाज शुरू किया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने छात्रा दीपा अहिरवार को मृत घोषित कर दिया.

पूजा-पाठ करके निकली थी परीक्षा देने

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नौगांव की छात्रा दीपा अहिरवार अपनी कुछ सहेलियों के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर परीक्षा केंद्र जा रही थी. दीपा का परीक्षा केंद्र सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नौगांव में था. जैसे ही ई-रिक्शा ईसानगर चौराहे के पास पहुंचा, उसी दौरान घटना हो गई. जानकारी लगते ही परिवार के लोग ओर पुलिस मौके पर पहुंची.

पिता विनोद अहिरवार ने बताया कि "दीपा पढ़ाई में बहुत होशियार थी और वह पढ़-लिखकर नौकरी करना चाहती थी. आज सुबह भी वह बड़े उत्साह के साथ पूजा-पाठ करके परीक्षा देने निकली थी."

ई-रिक्शा और बाइक जब्त

नौगांव टीआई बाल्मीक चौबे ने बताया कि "घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और बाइक और ई-रिक्शा को जब्त कर लिया. मामले की जांच की जा रही है. टक्कर मारने वाला बाइक सवार मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है."

मुरैना में दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौत

मुरैना में बुधवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में पति और पत्नी की मौत हो गई. 38 वर्षीय मुकेश यादव अपनी 34 वर्षीय पत्नी सीमा यादव के साथ बुधवार को आगरा के अस्पताल में भर्ती भाभी सुनीता यादव को देखने गए थे. उसी दिन देर शाम जब दोनों बाइक से मुरैना लौट रहे थे, तभी मल्हापुरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर पुल के पास पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

गांव में पसरा मातम, बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

आगरा से लौटते वक्त एक दर्दनाक हादसे ने मुरैना के जीगनी गांव का पूरा घर उजाड़ दिया. भाभी को अस्पताल में देखकर बाइक से लौट रहे पति-पत्नी को आगरा के मल्हापुरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर डंपर ने कुचल दिया. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. गुरुवार शाम जब दोनों के शव गांव पहुंचे तो मातम पसर गया. दंपति अपने पीछे 16 और 14 साल की 2 बेटियां और 10 साल का बेटा छोड़ गए. मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मुक्तिधाम में भरा मिला गंदा पानी

जींगनी गांव का मुक्तिधाम जहां बना है, उसके चारों तरफ गांव के घरों से निकलने वाला गंदा पानी भरा है. गांव में पक्का नाला न होने की वजह यह समस्या सालों से बनी हुई है. जब मुकेश यादव और सीमा यादव का शव लेकर परिजन और ग्रामीण मुक्तिधाम पहुंचे तो चबूतरे के चारों तरफ गंदा पानी भरा हुआ था. ऐसे में ग्रामीणों ने ईंट-पत्थरों का ऊंचा-नीचा कच्चा रास्ता बनाया, तब कहीं जाकर दोनों शवों को मुक्तिधाम के चबूतरे तक ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया.