ETV Bharat / state

4 दिन से अस्पताल में बिजली नहीं, मोबाइल टॉर्च से हो रही डिलीवरी, नर्स ने बताया खौफनाक सच

सरकारी हॉस्पिटल की नर्स से खोली हॉस्पिटल की पोल, वीडियो बनाकर बताई हकीकत, छतरपुर से मनोज सोनी की रिपोर्ट.

CHHATARPUR HEALTH CENTER WITH NO ELECTRICITY
हॉस्पिटल में 4-5 दिन से लाइट नहीं, अधिकारी सो रहे हैं (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : May 29, 2026 at 5:07 PM IST

|

Updated : May 29, 2026 at 7:25 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

छतरपुर : मध्य प्रदेश के छतरपुर से एक सरकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की खौफनाक तस्वीर सामने आई है. यहां सरबई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले 4-5 दिनों से लाइट ही नहीं है. यहां पदस्थ एक नर्स से खुद ये चौंकाने वाला खुलासा किया है कि लाइट नहीं होने की वजह से अंधेरे में मोबाइल टॉर्च के सहारे महिलाओं की डिलीवरी कराई जा रही है. नर्स द्वारा इस हॉस्पिटल का एक वीडियो भी शेयर किया गया है, जिसमें अस्पताल का खौफनाक मंजर दिखाई देता है.

नर्स ने शेयर किया हॉस्पिटल का वीडियो (Etv Bharat)

हॉस्पिटल में 4-5 दिन से लाइट नहीं, अधिकारी सो रहे हैं

नर्स द्वारा बनाया गया वीडियो एक बार फिर मध्य प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोल रहा है. छतरपुर जिले से 100 किलोमीटर दूर सरबई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बना हुआ है, इस सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर बीते 4 से 5 दिनों से लाइट नहीं है. भीषण गर्मी के कारण लोग परेशान हैं. इसे लेकर हॉस्पिटल में पदस्थ स्टाफ नर्स अनीता अहिरवार ने कई बार शिकायतें भी कीं पर न तो बिजली विभाग ने सुध ली और ना ही जिम्मेदार अधिकारियों ने.

CHHATARPUR SARBAI NEWS
डिलीवरी के लिए बने लेबर रूम में अंधेरा (Etv Bharat)

मोबाइल टॉर्च से हो रही इमरजेंसी में डिलीवरी

हॉस्पिटल में लाइट नहीं, होने से लोगों को इलाज नहीं मिल पा रहा है. महिलाओं की डिलीवरी जैसे इमरजेंसी केस मजबूरन टॉर्च की रोशनी में करने पड़ रहे हैं. शिकायत के बाद जब किसी ने नहीं सुनी तो नर्स अनीता अहिरवार ने एक दर्द भरा वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर सर्कुलेट कर दिया. वीडियो में नर्स का दर्द साफ झलकता दिखाई दे रहा है. वह कहती हैं अस्पताल में बिजली नहीं है, ऐसे में डिलीवरी कैसे कराई जाए? नर्स वीडियो में बताती हैं कि फोन पर कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक अस्पताल की बिजली व्यवस्था ठीक नहीं हो सकी है.

Health Center with no electricity
अस्पताल में 4-5 दिनों से है अंधेरा (Etv Bharat)

यह भी पढ़ें- ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को बंधक बनाया, बोले- झोलाछाप डॉक्टर हमारे लिए भगवान

लगातार बिजली गुल रहने से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं. एक ओर सरकार मातृ स्वास्थ्य और सुरक्षित प्रसव को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ सरबई स्वास्थ्य केंद्र जैसे कई स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी सुविधाएं और बिजली तक उपलब्ध नहीं हो रही है. वहीं, इस मामले में जब छतरपुर CMHO आरपी गुप्ता से बात हुई तो उन्होंने कहा, ''मामला गम्भीर है,हम बात करके समस्या का समाधान करवाते हैं.''

Last Updated : May 29, 2026 at 7:25 PM IST