ETV Bharat / state

300 साल पुराने महल में टूरिस्टों को मिलेगा राजसी ठाठ-बाट, बस 1 दिन का इंतजार

खजुराहो में खुलने जा रहा आलीशान होटल, राजगढ़ पैलेस को पांच सितारा होटल में बदला, बुधवार को मोहन यादव काटेंगे फीता.

CHHATARPUR OBEROI RAJGARH PALACE
खजुराहो में 5 स्टार होटल का मोहन यादव काटेंगे फीता (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : November 18, 2025 at 1:59 PM IST

|

Updated : November 18, 2025 at 3:09 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

छतरपुर: 19 नवंबर का दिन मध्य प्रदेश के छतरपुर के लिए खास रहने वाला है, क्योंकि प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव चंद्रनगर स्थित द राजगढ़ पैलेस होटल का उद्घाटन करेंगे. जिसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है. आज यानी मंगलवार को जिला प्रशासन के आला अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों और सीएम के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है. जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है.

5 स्टार होटल में बदला राजगढ़ पैलेस

छतरपुर के ऐतिहासिक धरोहर में से एक राजगढ़ किला है, जो अब ओबेराय राजगढ़ पैलेस के नाम से जाना जाएगा. इस किले का इतिहास सदियों पुराना है. यह बुंदेला राजवंश की वास्तुकला का प्रतीक हुआ करता था. इसे बुंदेलखंड के शासकों द्वारा 17वीं-18वीं शताब्दी में बनवाया गया था. अलग-अलग समय पर तत्कालीन शासकों द्वारा किले का पुनर्निर्माण और विस्तार किया गया है. हाल ही में राजगढ़ किले को फाइव स्टार होटल में तब्दील किया गया है. द ओबेरॉय ग्रुप द्वारा तैयार कराया गया है.

300 साल पुराने महल को ओबेरॉय ग्रुप ने बना 5 स्टार होटल (ETV Bharat)

300 साल पहले हुआ था निर्माण

बुंदेलखंड में आज भी कई ऐतिहासिक महल और किले मौजूद हैं. जिनकी खूबसूरती को शब्दों से बयां करना संभव नहीं, लेकिन वर्तमान में देखरेख के अभाव में जीर्ण शीर्ण हो गए हैं. ऐसे ही एक ऐतिहासिक राजगढ़ महल को अब फाइव स्टार होटल में बदल दिया गया है. जिसे करीब 300 साल पहले छतरपुर के महाराजा भवानी सिंह द्वारा बनवाया गया था. यह महल स्थानीय लोगों के लिए गौरव और विरासत का प्रतीक है.

mohan yadav inaugurate Hotel
कलेक्टर और एसपी ने किया निरीक्षण (ETV Bharat)

7.20 एकड़ में बना है राजगढ़ पैलेस

खजुराहो स्थित राजगढ़ पैलेस करीब 7.20 एकड़ में बना है. इसे 20 नवंबर 1978 को मध्य प्रदेश के संस्कृति मंत्रालय ने संरक्षित स्मारक घोषित किया था. 17 साल तक इसे यह दर्जा प्राप्त रहा, लेकिन 11 सितंबर 1995 को अचानक संस्कृति मंत्रालय ने इसका यह दर्जा वापस ले लिया. इसके बाद मंत्रालय ने 11 सितंबर 1995 को पर्यटन मंत्रालय को सौंप दिया था. इसके बाद पर्यटन मंत्रालय ने 2 सितंबर 1996 को राजगढ़ होटल एंड रिसॉर्ट्स के साथ महल में फाइव स्टार होटल संचालित करने का अनुबंध कर लिया था.

सीएम मोहन यादव बुधवार को करेंगे शुभारंभ

छतरपुर के ऐतिहासिक किले में बने फाइव स्टार होटल का मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 नवंबर 2025 को उद्घाटन करेंगे. इसके कार्यक्रम के लिए सीएम बुधवार को छतरपुर आ रहे हैं. वे खजुराहो के पास पन्ना रोड चंद्रनगर के पास स्थित पैलेस होटल का शुभारंभ करेंगे. मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर कलेक्टर पार्थ जैसवाल व एसपी अगम जैन ने जिला अधिकारियों के साथ राजगढ़ पैलेस स्थल का निरीक्षण किया. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था एवं लॉ एंड ऑर्डर के संबंध में दिशा निर्देश दिए हैं.

5 Star Hotel Rajgarh Palace
द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस होटल (ETV Bharat)

अधिकारियों ने तैयारियों का लिया जायजा

कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने खजुराहो एयरपोर्ट सहित पैलेस के नजदीक हैलीपेड स्थल का भी निरीक्षण किया और राजगढ़ पैलेस को भी देखा. इस दौरान जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एएसपी आदित्य पटले, एसडीएम प्रशांत अग्रवाल, तहसीलदार सहित होटल प्रबंधन के पदाधिकारी अन्य अधिकारी मौजूद रहे. छतरपुर जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने बताया, "मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार को खजुराहो पहुंचकर फाइव स्टार पैलेस होटल का उद्घाटन करेंगे. जिसकी तैयारियां पूरी हो चुकी है."

Last Updated : November 18, 2025 at 3:09 PM IST