क्रिकेटर क्रांति गौड़ को गिफ्ट में मिली चमचमाती कार, ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ स्वागत
छतरपुर की महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ को विश्वकप में शानदार प्रदर्शन के लिए मिला तोहफा, कार की होम डिलीवरी से क्षेत्र में खुशी की लहर.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 22, 2026 at 6:26 PM IST
छतरपुर: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी क्रांति गौड़ को विश्वकप में शानदार प्रदर्शन करने पर एक बड़ा इनाम मिला है. क्रांति के बेहतरीन खेल से प्रभावित होकर देश की प्रतिष्ठित कार कंपनी ने उन्हें एक कार भेंट की है. शनिवार को क्रांति के घर कार पहुंची. कार के आते ही घर में ढोल, नगाड़े बजाकर खुशियां मनाई गईं.
क्रांति गौड़ को इनाम में मिली कार
बड़ामलहरा विकासखंड के नगर घुवारा की रहने वाली युवा क्रिकेटर क्रांति गौड़ को महिला क्रिकेट विश्वकप में शानदार प्रदर्शन का शनिवार को इनाम मिला है. देश की जानी मानी एक निजी कार कंपनी ने उनके बेहतरीन खेल को सम्मान देते हुए एक महंगी कार गिफ्ट की है. शनिवार को कंपनी की ओर से कार की होम डिलीवरी सीधे उनके घर की गई, जिससे पूरे परिवार और मोहल्ले में खुशी की लहर दौड़ गई. इलाके के लोग क्रांति के घर पहुंचे और बधाई देना शुरू कर दिया.
क्षेत्र में खुशी की लहर
जानकारी के अनुसार, देश की एक प्रतिष्ठित कार कंपनी ने महिला क्रिकेट विश्वकप में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली सभी महिला खिलाड़ियों को उपहार देने का वादा किया था. वहीं कार शनिवार को उनके घर भेजी गई. क्रांति के परिवार ने कार की विधि विधान से पूजा अर्चना कर सभी को मिठाई खिलाई.

- इंडिया की जीत के लिए छतरपुर में हवन-पूजन, क्रांति गौड़ के गांव में चल रहा सुंंदरकांड
- क्रिकेटर क्रांति गौड़ के घर खुशियों का डबल धमाका, खुद की थार में सवार हो पहुंची गांव
स्थानीय निवासी शशिकान्त अग्निहोत्री ने बताया, "सीमित संसाधनों के बावजूद क्रांति ने अपने खेल से जो मुकाम हासिल किया है, वह आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगा."

क्रिकेटर क्रांति के पिता मुन्ना सिंह ने बताया कि "यह न सिर्फ क्रांति की मेहनत का फल है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है. क्रांति की इस उपलब्धि से घुवारा नगर ही नहीं, बल्कि पूरे छतरपुर जिले का नाम रोशन हुआ है. उसकी इस उपल्बधि से क्षेत्र में खुशी की लहर है."

