खाद संकट पर कलेक्टर की फुल स्पीड, किसानों की पुकार पर दौड़ी आई खाद से लदी ट्रेन
छतरपुर कलेक्टर ने किसानों के लिए मंगवाई ट्रेन भरकर खाद, रेलवे स्टेशन खुद लेने पहुंचे, अधिकारियों की देखरेख में बंटेगी खाद.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : December 27, 2025 at 2:26 PM IST
|Updated : December 27, 2025 at 2:59 PM IST
छतरपुर: किसान लंबे समय से खाद के लिए परेशान हैं. एक-एक बोरी के लिए लंबी लंबी लाइनों में सुबह से लेकर शाम तक लगे रहते थे. किसानों के लिए खाद की कमी पूरी करने के लिए छतरपुर कलेक्टर ने खाद से लदी ट्रेन बुलवाई और खुद रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए. अधिकारियों को निर्देशित कर कहा किस किसानों को पर्याप्त खाद मिले. अगर किसानों के साथ लापरवाही हुई तो किसी को बख्शा नहीं जाएगा.
छतरपुर में खाद का संकट, किसान परेशान
बुंदेलखंड के छतरपुर जिले में यूरिया खाद के संकट कम करने और किसानों को राहत पहुंचाने के लिए शुक्रवार को छतरपुर रेलवे स्टेशन पर यूरिया खाद से लदी ट्रेन छतरपुर पहुंची. एनएफएच कंपनी की रैक विजयपुर गुना से 2632 मीट्रिक टन छतरपुर भेजी गई है. रैक प्वाइंट पर खाद आते ही छतरपुर कलेक्टर पार्थ जैसवाल अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया. किसानों तक भेजने के लिए कलेक्टर ने खाद को तत्काल उठाने के लिए ट्रकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए और विपणन संघ को 1850 मीट्रिक टन और निजी विक्रेताओं को 782 मीट्रिक टन यूरिया खाद भेजने के निर्देश दिए गए.
कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने कहा, ''किसानों को बांटने के लिए पर्याप्त खाद पहुंच चुकी है. अगली रैक फिर लगेगी, अब किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी. अधिकारियों की निगरानी में खाद का वितरण किया जाएगा. सरकारी रेट पर किसानों को खाद मिले सके जिसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है. भीड़ को कम करने के लिए पीओएस मशीन से खाद वितरण कराने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही किसानों के बैठने एवं पानी की व्यवस्था करने के लिए भी निर्देश किया गया है.''

कहां-कहां भेजी गई खाद
कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देश पर रैक से विपणन संघ के भण्डारण केन्द्र छतरपुर को 358 मीट्रिक टन, बिजावर को 130, बडामलहरा को 130, बमीठा को 130, लवकुशनगर को 150, गढीमलहरा को 130, बुन्देलखण्ड विपणन सहकारी समिति नौगांव को 81, एमपी एग्रो छतरपुर को 81 मी.टन एवं समितियों में 660 मीट्रिक टन, बगौता, मातगुवा, गठेवरा, बरकौहा, रामपुर ढिलापुर, रामपुरकुर्रा, सलैया, गरौली, राजनगर, बसारी, चन्द्रनगर, गंज, मुडेरी, कटहरा, सरबई, कौथेहा, पडवार, देवरा, एवं डिकौली, कुल 1850 मीट्रिक टन खाद भेजी गई है. जहां से कृषकों को यूरिया खाद का वितरण किया जाएगा.
- रतलाम में किसानों को रात में नहीं लगानी होगी लाइन, टोकन वितरण की बदली व्यवस्था
- किसान महिलाएं सर्द रातों में खाद वितरण केंद्र पर, फिर भी नहीं मिल रहा टोकन
- खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन ने कसा शिकंजा, रतलाम में यूरिया खाद से भरा ट्रक जब्त
वहीं, निजी उर्वरक विक्रेताओं भगवान चरण पटेल संजयनगर को 36 मीट्रिक टन, चौधरी ट्रेडर्स राजनगर 9 मीट्रिक टन, दुलारिया खाद भण्डार राजनगर 18, गोस्वामी बीज भण्डार छतरपुर 75, गुप्ता खाद भण्डार चंदला 27, हलदर आयरन स्टोर हरपालपुर 45, जटाशंकर दाल उद्योग बिजावर 13.500, जटाशंकर कृषि सेवा केन्द्र बिजावर, 4.500, नमस्तु ट्रेडर्स छतरपुर 25, पवन इंटर प्राइजेज छतरपुर 71, संतोष ट्रेडिंग कम्पनी छतरपुर 90, श्रीजी बीज भण्डार बमीठा 36, शालनी दिनेश कुमार अग्रवाल बिजावर 25.200, वर्धमान एण्ड कम्पनी सटई 7.100, तिवारी ट्रेडर्स छतरपुर 4.500 मीट्रिक टन खाद का वितरण दिया गया है. जो प्रशासनिक अधिकारियों की देख रेख में किसानों को बांटी जाएगी.

अधिकारियों की निगरानी में मिलेगा किसानों को खाद
जब छतरपुर कलेक्टर पार्थ जैसवाल से बात हुई तो उन्होंने बताया, ''एक खाद की रैक मिली है, जिसमें 26 मैट्रिक टन यूरिया मिली है. जितने भी हमारे डबल लॉक या सोसाइटी है वहा भेजा जा रहा है. किसानों को अधिकारियों की निगरानी में खाद का वितरण होगा.
खाद मिलने से किसान खुश
छतरपुर में यूरिया खाद को लेकर जब किसान सौरभ यादव से बात की तो किसान ने बताया, ''आज खाद मिल रही है, एक टोंकन पर 2 बोरी दी जा रही है. कोई समस्या नहीं हो रही है. सबको एक लाइन से खाद दी जा रही है, इससे हम लोग बहुत खुश हैं. अब लास्ट समय चल रहा है, लगभग खेतों में बुवाई हो चुकी है. किसानों के लिए मंडी में तीन काउंटर लगाए गए हैं.''

