ETV Bharat / state

ग्वालियर की बर्फी छतरपुर में क्रैकडाउन, 12 क्विंटल नकली मावे के साथ पकड़ा वाहन

त्योहारों के मद्देनजर नकली मावे की बड़ी खेप छतरपुर में खपाने की तैयारी, पुलिस ने घेराबंदी कर मिलावटखोरों के मंसूबों पर फेरा पानी. मनोज सोनी की रिपोर्ट

CHHATARPUR FAKE MAWA SUPPLY
ग्वालियर से छतरपुर सप्लाई हो रहा था नकली मावा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 29, 2026 at 10:00 AM IST

|

Updated : August 29, 2026 at 1:02 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

छतरपुर: अगर आप त्योहार में मावे से मिठाई बनाने की सोच रहे हैं तो यह खबर आपको हैरान कर देगी. असली के नाम पर नकली मावा परोसा जा रहा है. दरअसल त्योहारी सीजन के मद्देनजर जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है. तहसीलदार और सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने सरानी रोड पर घेराबंदी कर एक वाहन से करीब 12 क्विंटल नकली मावा और मावे से बनी बर्फी बरामद की है. ज़ब्त किए गए इस मावे की अनुमानित बाज़ार कीमत लगभग 6 लाख आंकी गई है.

ग्वालियर से आ रहा था नकली मावा
दरअसल, छतरपुर टीआई सतीश सिंह को मुखबिर की सूचना मिली कि, शहर में नकली खोवा की खेप लाई जा रही है. तभी टीआई ने तहसीलदार को साथ लेकर सरानी रोड पर घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया. जब गाड़ी के पीछे रखे माल को खोला तो पुलिस के होश उड़ गए. पुलिस ने तत्काल खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष तिवारी को सूचित किया.

पुलिस ने घेराबंदी कर मिलावटखोरों के मंसूबों पर फेरा पानी (ETV Bharat)

टीआई सतीश सिंह ने बताया, 'वाहन में मावा बर्फी बोरियों में बंद करके लाई जा रही थी. जिसको बीती रात पकड़ा गया है. यह मावा ग्वालियर से ट्रांसपोर्ट के माध्यम से छतरपुर लाया गया था. यहां से इसे शहर की अलग-अलग मिठाई दुकानों तक पहुंचाने की तैयारी थी. उन दुकानों के पर्चे भी चालक से बरामद हुए हैं.''

CHHATARPUR POLICE ACTION
पुलिस ने वाहन से पकड़ा 12 क्विंटल माल (ETV Bharat)

जांच के लिए भेजे मावे और बर्फी के सैंपल

वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी संतोष तिवारी ने ज़ब्त मावे और बर्फी के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. खाद्य अधिकारी संतोष तिवारी कहते हैं, ''नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे. माल पूरी तरह संदिग्ध है. त्योहारों के समय बाजार में मावे और मिठाइयों की खपत काफी बढ़ जाती है. जिसका फायदा उठाकर मिलावटखोर नकली व सिंथेटिक मावा खपाने की फिराक में रहते हैं.''

तहसीलदार पीयूष दीक्षित कहते हैं, ''जैसे ही जानकारी लगी थी नायब तहसीलदार को टीम के साथ भेजा था. गाड़ी और माल जप्त कर कोतवाली में रखवा दिया है. त्योहार को लेकर हम लोगों की नजर लगातार बनी हुई है. हर मिठाई की दुकानों की जांच की जा रही है.''

छतरपुर जिले सहित मध्य प्रदेश में नकली मावा के आने का खेल फिर शुरू हो गया है. त्योहारी सीजन में इस तरह मिलावट का खेल वाकई चिंता में डालने वाला है. लोगों को भी सावधानी से और क्वालिटी देखकर ही खरीदारी करने की जरूरत है

Last Updated : August 29, 2026 at 1:02 PM IST