परीक्षा के बीच बाथरूम गया 8वीं का छात्र, स्कूल संचालक ने कैमरे बंद कर सिर फोड़ा
छतरपुर में स्कूल संचालक पर छात्र को पीटने के आरोप, बाथरूम में घुसकर छात्र का सिर फोड़ा, फरार आरोपी के खिलाफ दर्ज.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 12:38 PM IST
छतरपुर: सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में स्कूल से हड़कंप मचाने वाली खबर सामने आई है. आरोप है कि जब 8वीं कक्षा का छात्र बाथरूम गया तब स्कूल संचालक ने सीसीटीवी कैमरे बंद कर उसका सिर फोड़ दिया, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी संचालक फरार हो गया. पीड़ित छात्र ने परिजन के साथ थाने पहुंचकर शिकायत की है. जिस पर पुलिस ने स्कूल संचालक के खिलाफ FIR दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
8वीं की परीक्षा के दौरान पिटाई
मामला छतरपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पठापुर रोड स्थित एक निजी स्कूल का है. जहां कक्षा आठवीं के छात्र के साथ मारपीट कर उसका सिर फोड़ दिया. स्कूल संचालक राजेश दुबेदी ने घटना को अंजाम दिया है. पीड़ित छात्र ने बताया कि, ''वह बोर्ड परीक्षा का पेपर दे रहा था, दोपहर करीब 3:30 बजे जब वह बाथरूम गया, तभी स्कूल संचालक राजेश द्विवेदी ने स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए और उसके पीछे बाथरूम में पहुंचकर उसके बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी. वह चीखता-चिल्लाता रहा लेकिन संचालक पिटाई करता रहा. मारपीट में उसके सिर में गंभीर चोट आई है और खून बहने लगा.''
परीक्षा में फेल करने की धमकी दी
घटना के बाद संचालक मौके से भाग निकला. स्कूल स्टाफ ने छात्र के पिता बालेंद्र कुमार रावत को सूचना दी कि उनका बेटा बाथरूम में गिर गया है. लेकिन छात्र ने अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी. छात्र के पिता का कहना है कि, "वे पहले स्कूल में शिक्षक और मैनेजमेंट से जुड़े थे. लेकिन पिता गणेश प्रसाद रावत के निधन के बाद पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते उन्होंने स्कूल का काम छोड़ दिया. इसी बात को लेकर संचालक कई दिनों से दबाव बना रहे थे और छात्र को धमकी दे रहे थे, यदि उसके पिता स्कूल में दोबारा काम शुरू नहीं करते तो उसे बोर्ड परीक्षा में फेल कर दिया जाएगा.''
- कटनी में दर्दनाक हादसा, स्कूल की दीवार गिरने से मासूम की मौत
- रात के खाने में नहीं पहुंचे स्टूडेंट्स तो मचा हड़कंप, मैहर वेद विद्यालय से तीन छात्र मिसिंग
- श्योपुर में स्वीपर और रसोइया का काम कर रहे स्कूली बच्चे, हॉस्टल में झाड़ू लगा बना रहे चाय-नाश्ता
आरोपी के बेटे ने की पीड़तों से अभद्रता
पीड़ित छात्र के पिता बालेंद्र कुमार रावत ने बताया, ''जब उन्होंने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने की बात कही तो संचालक के पुत्र उत्कर्ष द्विवेदी ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की.'' छात्र और उसके पिता ने पूरे मामले की लिखित शिकायत छतरपुर के सिटी कोतवाली में बीती रात दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद से आरोपी स्कूल संचालक फरार है, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
छात्र की पिटाई मामले में जब कोतवाली टीआई अरविन्द्र दांगी से बात की गई तो उन्होंने बताया, ''बच्चे की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है. मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.''

