चित्रकूट में आई बाढ़, केन और धसान ने मचाई खलबली, छतरपुर में कई गांव का संपर्क टूटा
भारी बारिश से छतरपुर में बिगड़े हालात, लहचूरा बांध के 9 और वान सुजारा बांध के 8 गेट खोले गए. मनोज सोनी की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 30, 2026 at 9:01 AM IST
|Updated : August 30, 2026 at 9:15 AM IST
छतरपुर: चित्रकूट में लगातार बारिश से कई इलाकों में हालात बिगड़ गए हैं. मंदाकिनी नदी करीब 30 फीट ऊंची बह रही है. जिसका असर यूपी से लगे छतरपुर पर भी दिखाई देने लगा है. केन और धसान नदी का भी जलस्तर बढ़ गया है. लगातार मूसलाधार बारिश के चलते लहचूरा बांध के 9 गेट और वान सुजारा बांध के 8 गेट खोले गए हैं. उत्तर प्रदेश सीमा से लगे कई गांवों का संपर्क टूट गया है.
कई गांवों का संपर्क टूटा
लगातार मूसलाधार बारिश से छत्तरपुर जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर यूपी बॉर्डर पर चंदला, गौरिहार, नेहरा, लसगरा, खड्डी, पहरा, पड़वार, सहित दर्जनों ग्रामीण इलाकों का सीधा संपर्क टूट गया है. केन नदी में पानी बढ़ने के चलते ग्रामीणों को नाव के सहारे अपने खेतों और अन्य काम के लिए जाना पड़ रहा है.
किसानों की मुश्किलें बढ़ी
चंदला निवासी अशोक शुक्ला ने बताया कि उत्तर प्रदेश सीमा पर केन नदी में बन रहा नेहरा-नहरी पुल करीब 95 प्रतिशत तैयार हो चुका है. इसके बाद भी पुल चालू नहीं हो सका है, जिसके चलते हजारों किसानों और ग्रामीणों को नदी के दूसरी ओर जाने के लिए 20 से 25 किलोमीटर का ज्यादा चक्कर लगाना पड़ रहा है.
डैम से नदी में छोड़ा 89,100 क्यूसेक पानी
धसान नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ता देख प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया है. लहचूरा डैम के 17 में से 9 गेट खोल दिए गए, जिससे धसान नदी में करीब 89,100 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. प्रशासन की टीमें और सिंचाई विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं.

निचले इलाकों में अलर्ट जारी
डैम के सहायक इंजीनियर रामआसरे यादव ने बताया, "धसान नदी के कैचमेंट एरिया में भारी बारिश हुई है, लहचूरा डैम में पानी की आवक तेजी से बढ़ी है, डैम पूरी क्षमता तक भर गया है. जिसके चलते सुजारा बांध के 8 गेट खोल दिए गये हैं. लोगों की सुरक्षा को देखते हुए धसान नदी के निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है."
- चित्रकूट में बारिश ने मचाई तबाही, रेलवे ट्रैक पर भरा पानी, फंसे लोगों का हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू
- ग्वालियर की बर्फी छतरपुर में क्रैकडाउन, 12 क्विंटल नकली मावे के साथ पकड़ा वाहन
छतरपुर और टीकमगढ़ की सीमा पर स्थित सुजारा बांध का जलस्तर निर्धारित सीमा से ऊपर पहुंच गया. इसके बाद जल संसाधन विभाग ने बांध के 8 गेट खोलकर धसान नदी में पानी की निकासी शुरू कर दी, पानी छोड़े जाने के बाद धसान नदी का जलस्तर 7-8 फीट बढ़ गया है, सुजारा परियोजना के एसडीओ रामसेवक शेजवार ने बताया कि ऊपरी क्षेत्रों में बारिश जारी रही तो और जलस्तर बढ़ सकता है, स्थिति के अनुसार अन्य गेट भी खोले जा सकते हैं.

