छतरपुर BJP कार्यकारिणी को किसकी नजर लगी? एक नेता की गाड़ी जब्त तो दूसरा गड्ढे में गिरा
छतरपुर बीजेपी नेताओं को रौब झाड़ना पड़ा भारी. पार्टी के अंदर भी विरोध के सुर तेज. इसकी गूंज भोपाल तक पहुंची.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 1:07 PM IST
रिपोर्ट : मनोज सोनी
छतरपुर : लंबे समय के बाद छतरपुर जिला बीजेपी कार्यकारणी घोषित की गई. जिला अध्यक्ष ने 20 नेताओं को टीम में शामिल किया. लेकिन टीम की घोषणा होते ही जैसे ग्रहण लग गया. बीजेपी जिला उपाध्यक्ष की हूटर लगी लग्जरी गाड़ी को जज साहब ने धरदबोचा तो वहीं दूसरे उपाध्यक्ष स्वागत के दौरान सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे. दोनों घटनाओं को लेकर शहरवासी चटकारे ले रहे हैं.
बीजेपी उपाध्यक्ष को रौब झाड़ना भारी पड़ा
छतरपुर बीजेपी जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की है. इसमे 4 महिलाओं सहित 16 लोगों को रखा गया है. टीम की घोषणा होते ही नेताओं ने अपना रौब दिखाना शुरू कर दिया. सबसे पहले चंदला विधानसभा क्षेत्र के सरवई के रहने वाले नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष पंकज पांडे की सफारी हूटर और काली फ़िल्म लगी गाड़ी निशाने पर आई. जैसे ही ये गाड़ी ओरछा रोड थाना इलाके से हूटर बजाते हुए निकली वैसे ही मौके पर चल रही मजिस्ट्रेट चेकिंग के दौरान जज अरविन्द्र सिंह गुर्जर ने पकड़ लिया.
स्वागत कराने के दौरान नाली में गिरे बीजेपी नेता
बीजेपी नेता की गाड़ी को थाने में जब्त करवा दिया. दूसरे दिन न्यायलय से 14,500 का चालान कर गाड़ी छोड़ी गई. हिदायत दी गई अगर आप लोग ऐसा करेंगे तो आम जनता पर क्या असर पड़ेगा. वहीं दूसरे नवनियुक्त उपाध्यक्ष बिजावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत खैरा कला निवासी सरपंच पुत्र जिला उपाध्यक्ष राम मनोहर तिवारी उपाध्यक्ष बनने की खुशी में गांव में अपना स्वागत करवा रहे थे.
ढोल, नगाड़े बज रहे थे, खुशी मनाई जा रही थी, तभी अपनी ही मां की सरपंची में बनी नाली के गड्ढे में उपाध्यक्ष जा गिरे. नेताजी के नाली में गिरते ही लोगों ने उनको बाहर निकाला. कपड़ों पर नाली का कीचड़ लग गया तो उनके कपड़े धुलवाए गए. बीजेपी उपाध्यक्ष राममनोहर तिवारी ने बताया "हम गड्ढे की देख नहीं पाए."

- भाजपा मंडल अध्यक्ष ने युवती को पटक-पटककर पीटा, बचाने आई मां से भी मारपीट
- अशोकनगर में बीजेपी नेता की गुंडागर्दी, पति-पत्नी को घर से घसीटा, सड़क पर पीटा
कांग्रेस ने बीजेपी नेताओं पर कसा तंज
इस मामले में अधिवक्ता लखन राजपूत ने बताया "पंकज पांडे को बीजेपी उपाध्यक्ष बनाया गया. चेकिंग के दैरान उनकी हूटर लगी गाड़ी और काली फ़िल्म को उतरवाया. जज अरविन्द्र सिंह गुर्जर ने 14500 का चलाना किया." वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता अभिलेख खरे ने तंज कसते हुए कहा "भाजपा नेता अपने विकास के गड्ढे में गिर रहे हैं. बीजेपी की नई लिस्ट पर ग्रहण लगा है. जो लिस्ट बीजेपी जिला अध्यक्ष ने जारी की, उससे उनके ही नेता असंतुष्ट हैं."

