31 दिसंबर की रात हनुमान चालीसा से गूंजा बागेश्वर धाम, चौपाइयों से हुआ नए साल का स्वागत
छतरपुर के बागेश्वर धाम में हनुमान चालीसा के पाठ के साथ हुआ नए साल का स्वागात, धीरेंद्र शास्त्री के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने किया पाठ.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 1, 2026 at 7:34 AM IST
|Updated : January 1, 2026 at 7:50 AM IST
छतरपुर: विश्वभर में धूमधाम से नए साल का स्वागत किया गया. नाच, गाना, ढोल-धमाकों और आतिशबाजी के साथ सभी ने साल 2025 को विदाई दी और नए साल का वेलकम किया, तो वहीं मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम में लोगों ने नाच-गाना नहीं बल्कि हनुमान चालीसा का पाठ करके नए साल का जश्न मनाया. बड़ी संख्या में भक्तों ने एक साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे पूरा बागेश्वर धाम चालीसा के गान से गूंज ऊठा.
31 दिसंबर की रात बागेश्वर धाम में गूंजा हनुमान चालीसा
नववर्ष 2026 का आगमन विश्वभर में उल्लास और उत्साह के साथ हुआ. कहीं आतिशबाजा से नए साल का स्वागत किया गया, तो कहीं मंदिरों में दर्शन-पूजन और पिकनिक के माध्यम से लोगों ने नववर्ष में प्रवेश किया. इसी क्रम में बागेश्वर धाम पर नववर्ष का शुभारंभ हनुमान भक्ति और सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ किया गया. साल के अंतिम दिन की रात, जैसे ही 12 बजे और वर्ष 2026 प्रारंभ हुआ, धीरेंद्र शास्त्री ने धाम में उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं के साथ सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर अंग्रेजी नववर्ष की शुरुआत की.
धीरेंद्र शास्त्री ने सभी नए साल की दी बधाई
हनुमान चालीसा की चौपाइयों से माहौल भक्तिमय हो गया, पूरा बागेश्वर धाम चौपाईयों से गूंज ऊठा. नया साल मनाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु बागेश्वर धाम पहुंचे हैं. बुधवार सुबह तक दिनभर भक्तों ने बागेश्वर बालाजी के दर्शन किए और रात में विशाल मैदान में धीरेंद्र शास्त्री के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया. इस मौके पर धीरेंद्र शास्त्री ने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि "यह नया वर्ष सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए. उन्होंने कामना की कि नया वर्ष भक्ति, प्रसन्नता और सनातन संस्कारों से परिपूर्ण रहे, हिंदू-हिंदुत्व-हिंदुस्तान निरंतर प्रगति करे व प्राकृतिक आपदाएं न्यूनतम हों."

- बागेश्वर धाम में भक्तों का रेला, नए साल का स्वागत खास अंदाज में, ये है धीरेंद्र शास्त्री का संदेश
- बागेश्वर धाम में हुआ ऑनलाइन हवन और हनुमान चालीसा, डेढ लाख भक्तों ने दी आहुति
नए साल पर लोगों से 4 संकल्प लेने का किया आह्वान
हनुमान चालीसा की चौपाई 'जो दायक फल चार' का उल्लेख करते हुए बागेश्वर बाबा ने चार संकल्प लेने का आह्वान किया. दो सद्गुण अपनाने और दो अवगुण छोड़ने का प्रण. विशेष रूप से उन्होंने देश के युवाओं से आग्रह किया कि वे मोबाइल और सोशल मीडिया का कम से कम उपयोग करने का संकल्प लें, ताकि जीवन में अनुशासन, साधना और सकारात्मकता बढ़ सके.

