कूनो के चीते को भाया बारां का वन, मांगरोल क्षेत्र में घूमता दिखा
बीते तीन दिन से चीते ने कोई शिकार नहीं किया है. ग्रामीणों को एहतियात बरतने की सलाह.

Published : February 27, 2026 at 9:01 AM IST
बारां: इसी वर्ष 14 फरवरी को कूनो से निकलकर बारां जिले के जंगलों में आया चीता Kp 2 अब किशनगंज वन रेंज से निकलकर मांगरोल वन क्षेत्र में आ गया है. वह गुरुवार देर शाम रेनगढ़ मोरड़ी सड़क पर देखा गया. इसके चलते वन विभाग ने सड़क पर चल रहे लोगों को रूकवा दिया. कुछ सहम कर रूक गए.
उप वन संरक्षक विवेकानंद माणिक राव ने बताया कि चीता रेनगढ़ के निकट मोरड़ी गांव की तरफ मूवमेंट कर रहा है. गुरुवार शाम मोरड़ी की सड़क पर देखा गया. वन विभाग की टीम लगातार नजर रखे हैं. उन्होंने आमजन व किसानों से अपील की कि कहीं भी आते जाते समय थोड़ी ऐहतियात बरतें. वन विभाग की टीमें लगातार चीते की मॉनिटरिंग में जुटी हैं. कुछ दिन पहले चीते ने नीलगाय का शिकार किया था. ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत है.
पढ़ें: कहां गया चीता? 2 दिन से कूनो नेशनल पार्क की टीम कर रही मॉनिटरिंग, DFO की अपील- लोग सतर्क रहें
उप वन संरक्षक राव ने बताया कि चीता सड़क से उतरकर मोरड़ी के जंगलों की ओर चला गया. चीता दिन भर मोरड़ी व पार्वती नदी के जंगलों के आसपास विचरण करता रहा. इससे लोगों में दहशत रही. वन विभाग अधिकारियों का कहना है कि बीते तीन दिन से चीते ने कोई शिकार नहीं किया है. वह लगातार खेतों में पार्वती नदी किनारे स्थित जंगल के आसपास घूम रहा है. वन्य जीव विशेषज्ञों का कहना है कि यह चीता बारां जिले के जंगलों में पूरी तरह से ढल गया. वर्तमान में वह सुरक्षित स्थान ढूंढ रहा है. चीते के मूवमेंट से लोगों में डर व दहशत का माहौल है. गुरुवार को दिन भर चीते का मूवमेंट मोरड़ी गांव के जंगलों में बना रहा.
पढ़ें:कूनो नेशनल पार्क से बारां पहुंचा अफ्रीकी मेहमान, वन विभाग की टीम कर रही निगरानी

