ETV Bharat / state

जशपुर में पहली बार अखिल भारतीय फिडे रेटेड शतरंज महासंग्राम, 2.50 लाख की पुरस्कार राशि से बढ़ेगा मुकाबले का रोमांच

29 अगस्त से 1 सितंबर तक चेकमेट एट जशपुर 2026, मंत्री अरुण साव करेंगे शुभारंभ. 2200 से अधिक फिडे रेटिंग वाले खिलाड़ियों की एंट्री निशुल्क

Chess Competition In Jashpur
जशपुर में शतरंज प्रतियोगिता (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : August 28, 2026 at 8:43 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जशपुर: पहली बार जशपुर में अखिल भारतीय स्तर की फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है. चेकमेट एट जशपुर अखिल भारतीय ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 29 अगस्त से 1 सितंबर तक पुरानी टोली स्थित कम्युनिटी हॉल में किया जाएगा.

प्रतियोगिता का शुभारंभ लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव करेंगे. आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और खेल विभाग ने तैयारियां पूरी करने की दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया है. कलेक्टर रोहित व्यास ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचने वाले खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोजन, ठहरने, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए. कलेक्टर ने आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं और प्रतियोगिता के सुचारू संचालन को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली.

FIDE rated chess tournament in Jashpur
जशपुर में फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता (ETV BHARAT)

देशभर के खिलाड़ी होंगे शामिल

प्रशासन एवं खेल विभाग और जशपुर जिला शतरंज संघ के संयुक्त आयोजन में होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर से शतरंज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह है.

पहली बार जशपुर में अखिल भारतीय स्तर की फिडे रेटेड शास्त्रीय शतरंज प्रतियोगिता आयोजित होने से जिले के खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपना प्रदर्शन परखने का अवसर मिलेगा.

Preparations for the chess tournament in Jashpur are complete.
जशपुर में शतरंज प्रतियोगिता की तैयारी पूरी (ETV BHARAT)

प्रतियोगिता में कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है. मुख्य श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 50 हजार रुपये और ट्रॉफी, उपविजेता को 30 हजार रुपये, जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 20 हजार रुपये और ट्रॉफी दी जाएगी.

अलग-अलग रेटिंग श्रेणियों, महिला खिलाड़ियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों और विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों के लिए भी पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं. जशपुर और सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों के लिए विशेष पुरस्कार भी रखे गए हैं.

आठ चक्रों में होगी फिडे स्विस प्रणाली से प्रतियोगिता

इस प्रतियोगिता का आयोजन आठ चक्रों में फिडे स्विस प्रणाली के अनुसार किया जाएगा. इससे खिलाड़ियों को लगातार कई मुकाबलों में अपनी क्षमता साबित करने का मौका मिलेगा. आयोजन का उद्देश्य जशपुर में शतरंज को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े मंच पर प्रतिस्पर्धा का अवसर उपलब्ध कराना भी है.

पिछले विजेताओं ने भी खिलाड़ियों से की जशपुर आने की अपील

पिछले वर्ष जशपुर में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता के मुख्य श्रेणी के विजेता स्पर्श खंडेलवाल ने देशभर के खिलाड़ियों से इस प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने कहा कि जशपुर में हर वर्ष शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन होना खुशी की बात है और उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में यह आयोजन लगातार और बड़े स्तर पर आयोजित होगा.

पिछले वर्ष के प्रथम रनर-अप वी विराट अय्यर ने भी खिलाड़ियों को जशपुर आने का न्योता दिया. उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित राज्य स्तरीय ओपन शतरंज प्रतियोगिता में प्रथम रनर-अप रहते हुए उन्हें 21 हजार रुपये का पुरस्कार मिला था. इस वर्ष होने वाली अखिल भारतीय फिडे रेटेड शास्त्रीय शतरंज प्रतियोगिता में भी उन्होंने शामिल होने की बात कही. उन्होंने खिलाड़ियों से जशपुर पहुंचकर प्रतियोगिता का हिस्सा बनने की अपील करते हुए कहा कि यहां की खूबसूरत वादियां, सुहाना मौसम और शतरंज का रोमांच खिलाड़ियों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा.

2200 से अधिक रेटिंग वालों के लिए प्रवेश निशुल्क

प्रतियोगिता में ग्रैंडमास्टर, इंटरनेशनल मास्टर, महिला ग्रैंडमास्टर, महिला इंटरनेशनल मास्टर तथा 2200 या उससे अधिक फिडे रेटिंग वाले खिलाड़ियों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया है. आयोजन को लेकर जशपुर एसडीएम विश्वास राव मस्के, नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं. जशपुर में पहली बार होने जा रही यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता जिले को शतरंज के बड़े आयोजनों के नक्शे पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है.

बिलासपुर में बड़ा हवाई हादसा टला, रनवे पर विमान का टायर फटा, बाल बाल बची यात्रियों की जान

ग्रैंड चेस टूर का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने प्रज्ञाननंदा, जीते ₹1.91 करोड़