चतरा में TSPC के चार उग्रवादी गिरफ्तार, शिकंजे में निरंजन गंझू उर्फ जठल गंझू भी
चतरा पुलिस ने सक्रिय उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से हथियार भी बरामद किया है.

Published : December 22, 2025 at 9:53 PM IST
चतरा: सक्रिय उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. एसपी सुमित कुमार अग्रवाल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पिपरवार थाना क्षेत्र के बेंती मैदान के पास घेराबंदी कर पुलिस ने चार उग्रवादियों को हथियार समेत गिरफ्तार किया है. एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि बेंती मैदान के पास टीएसपीसी गुट के सदस्य किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं.
पुलिस ने घेराबंदी के साथ पकड़े चार आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ टंडवा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और मौके से निरंजन गंझू उर्फ जठल गंझू, लालबिहारी कुमार गंझू, रामलाल कुमार गंझू और अरविंद कुमार गंझू को गिरफ्तार किया है. तलाशी के दौरान इनके पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन समेत एक बाइक बरामद हुई है.
अपराधियों ने स्वीकार की फायरिंग की बात
पूछताछ के दौरान इन अपराधियों ने एकेटी गैरेज के पास एक ट्रक चालक पर फायरिंग करने की बात स्वीकार की है. यह फायरिंग लेवी वसूलने और कोयलांचल क्षेत्र में भय पैदा करने के उद्देश्य से की गई थी. इस संबंध में खलारी थाने में पहले से ही आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है.
निरंजन गंझू उर्फ जठल गंझू का रहा है आपराधिक इतिहास
वहीं गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पिपरवार थाने में कांड दर्ज कर आर्म्स एक्ट और 17 सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है. गिरफ्तार अभियुक्तों में निरंजन गंझू उर्फ जठल गंझू एक शातिर अपराधी है, उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. वही अकेले पिपरवार थाने में उस पर रंगदारी, लेवी, आगजनी और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं. वह 2023 से ही पुलिस की हिट लिस्ट में शामिल था.
पुलिस अब इसके दूसरे साथी और नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है. चतरा एसपी सुमित अग्रवाल ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है.
ये भी पढ़ें- गैंगस्टर प्रिंस खान ने पलामू के सोना कारोबारी से मांगी एक करोड़ की रंगदारी, जांच में जुटी पुलिस
शादी का झांसा देकर महिला से की थी ठगी, बोकारो पुलिस ने पटना से किया गिरफ्तार
ड्यूटी के दौरान सो रहे थे पुलिस अधिकारी व जवान, एसपी ने किया निलंबित

