साइकिल से भारत भ्रमण कर रहे चरखी दादरी के तस्वीर फोगाट, इस कारण 9 साल में तय की डेढ़ लाख किलोमीटर से ज्यादा की दूरी
Charkhi Dadri Tasveer Phogat: चरखी दादरी के तस्वीर फोगाट साइकिल से भारत भ्रमण कर रहे हैं. उन्होंने इसे किसान क्रांति यात्रा का नाम दिया है.

Published : December 24, 2025 at 2:54 PM IST
चरखी दादरी: हरियाणा के चरखी दादरी के झिंझर गांव निवासी तस्वीर फोगाट साइकिल से भारत भ्रमण कर रहे हैं. बीते 9 सालों में वो साइकिल से करीब एक लाख 60 हजार किलोमीटर की सड़कें नाप चुके हैं. तस्वीर फोगाट ने इस भारत भ्रमण को किसान क्रांति यात्रा का नाम दिया है. साइकिल मैन के नाम से मशहूर तस्वीर फोगाट ने अपनी साइकिल पर तिरंगा झंडा बांध रखा है. देशभक्ति म्यूजिक बजाते हुए वो भारत भ्रमण कर रहे हैं.
तस्वीर फोगाट का साइकिल से भारत भ्रमण: तस्वीर फोगाट ने कहा कि "मैं बीते 9 से 10 साल से साइकिल पर घूम रहा हूं. किसानों की हालत दयनीय हो रही है. हमें देश में किसानों की जागृति के काम करना है. अगर किसान को उसकी मेहनत का फल मिल जाए. यानी पूरा भाव मिल जाए, तो उसे मुनाफा होगा. किसान अगर खुशहाल होगा, तो देश भी विश्व गुरु बन जाएगा. इसलिए मैं किसान क्रांति यात्रा के तहत देश में साइकिल पर घूम रहा हूं."
एक दिन में 100 किलोमीटर का टारगेट: तस्वीर ने कहा "मैं अभी तक एक लाख 60 हजार किलोमीटर चल चुका हूं. कोलकाता, गुवाहाटी, रामेश्वरम, कन्याकुमारी, जयपुर, दिल्ली, उत्तर प्रदेश ऐसे मैं घूमता रहता हूं. एक दिन में मेरा 100 किलोमीटर तक का टारगेट रहता है. मैं साइकिल पर ही चलता हूं. अब तो मैंने इसमें एक मोटर लगा दी है. जिससे 25 से 30 किलोमीटर बिना पैडल चलाए चल लेता हूं. अगर मोटर के साथ पैडल की भी एनर्जी लगे तो ये 100 किलोमीटर तक काम करती है."
लोगों को जागरूक करना उद्देश्य: तस्वीर फोगाट ने कहा "लोग मुझसे पूछते हैं कि इस तरह क्यों परेशान हो रहा है. सर्दी में गर्मी में, बारिश में घूमता रहता है. इसके पीछे की वजह क्या है? मुझे चैन नहीं है. मैं किसान का बेटा हूं. मैंने प्रण लिया है. जब तक जीवित रहूंगा. अपनी यात्रा जारी रखूंगा. मेरा मकसद शहीदों के सपनों को पूरा करने के लिए लोगों को जागरूक करना है. इसके अलावा स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग करने के लिए भी मैं लोगों को जागरूक कर रहा हूं. इसी उद्देश्य से मैं साइकिल यात्रा कर रहा हूं."
जारी रहेगी यात्रा: चरखी दादरी पहुंचने पर तस्वीर फोगाट ने बताया कि उनकी यात्रा में कई कठिनाइयां भी आईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. वो आज भी अपनी यात्रा जारी रखे हुए हैं. उसका उद्देश्य देश के हर गांव में जाकर लोगों को देशप्रेम और आत्मनिर्भरता का संदेश देना है.

