चंडीगढ़ पुलिस ने BKI के तीन संदिग्ध ऑपरेटिव को किया गिरफ्तार, कोर्ट ने 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा
चंडीगढ़ में रविवार रात बस स्टैंड के पास से बरामद संदिग्ध IED के साथ 3 आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया.

Published : August 24, 2026 at 3:20 PM IST
चंडीगढ़ः स्थानीय पुलिस ने रविवार को खुफिया सूचना के आधार पर बब्बर खालसा इंटरनेशनल से संबंधित तीन आरोपियों को बड़ी मात्रा विस्फोटक और हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था. BKI के तीनों गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में किया गया पेश. पुलिस ने आरोपियों का 7 दिन का रिमांड मांगा, लेकिन कोर्ट ने पुलिस को 5 दिन का रिमांड दिया. अब 29 अगस्त को अगली पेशी होगी.
तीनों आरोपी है पंजाब के निवासीः बता दें कि इस मामले में सेक्टर 36 पुलिस स्टेशन, चंडीगढ़ में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4(बी) और 5 के तहत FIR दर्ज की गई है. चंडीगढ़ पुलिस ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. उनकी उम्र 19 से 21 साल है. इनमे लवप्रीत सिंह, उम्र 19 साल, निवासी गांव सरहाली, जिला तरनतारन, पंजाब, जशनप्रीत सिंह उर्फ जशानदीप, उम्र 21 साल, निवासी गांव देवबाथ, जिला तरनतारन, पंजाब, प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ, उम्र 19 वर्ष, निवासी गांव तरसिक्का, जिला अमृतसर, पंजाब शामिल है.
चंडीगढ़ में IED लगाने की बना रहे थे योजनाः इनसे बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामान और हथियार भी बरामद किए गए हैं, जिसमें मरीब 5 किलोग्राम जिलेटिन स्टिक विस्फोटक, एक डेटोनेटर, पावर सोर्स और रिमोट से संचालित सिस्टम, एक पिस्तौल, एक मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस शामिल हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर BKI से जुड़े विदेश में मौजूद हैंडलर सतनाम उर्फ सत्ता नौशेरा के संपर्क में आए थे. आरोप है कि वे उसके निर्देशों पर काम कर रहे थे और चंडीगढ़ में IED लगाने की योजना बना रहे थे, जिसका उद्देश्य आतंक का माहौल पैदा करना था.
विस्फोटक सहित कई हथियार जब्तः विस्फोटक सामग्री, ट्रिगरिंग उपकरणों और हथियारों को कानून के अनुसार कब्जे में ले लिया गया है. मामले की आगे जांच जारी है. जांच के दौरान पूरे नेटवर्क, विस्फोटक सामग्री के स्रोत और अन्य सहयोगियों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. चंडीगढ़ पुलिस नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शांति एवं सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है.

