चंडीगढ़ में दिवंगत नेता मुकेश बस्सी के घर लूट मामले में पुलिस ने जारी किया पोस्टर, आरोपी कुक हेमंत थापा की तलाश तेज
चंडीगढ़ पुलिस ने मुकेश बस्सी के घर लूट के आरोपी कुक हेमंत थापा का पोस्टर जारी कर लोगों को सतर्क किया है.

Published : August 18, 2026 at 2:23 PM IST
चंडीगढ़ : चंडीगढ़ पुलिस ने कांग्रेस के दिवंगत नेता मुकेश बस्सी के घर लूट की वारदात के आरोपी हेमंत थापा का पोस्टर जारी किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी नाम बदलकर घरों में कुक की नौकरी हासिल करता है और मौका मिलने पर परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर लूट कर फरार हो जाता है. पुलिस ने लोगों से आरोपी के संबंध में जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की है.
14 अगस्त की रात हुई थी वारदात: पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 अगस्त की रात हेमंत थापा ने मुकेश बस्सी के घर में परिवार के सदस्यों और घरेलू स्टाफ को नशीला पदार्थ खिला दिया. इसके बाद सभी के बेहोश होने पर आरोपी घर से कीमती सामान, गहने और नकदी लेकर फरार हो गया. उस समय घर में मुकेश बस्सी की पत्नी अंजू, एक नौकर और एक नौकरानी मौजूद थे. तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था.
PUBLIC ALERT
— Chandigarh Police #Citizen First (@ChdPol) August 18, 2026
Be cautious while hiring domestic staff. Always verify their identity, address and background and ensure police verification before employment.
⚠️ Avoid hiring through unknown contacts and inform your RWA/security team about newly hired staff. pic.twitter.com/IJUlJFQqC1
कुछ दिन पहले ही रखा था कुक: बस्सी परिवार ने आरोपी हेमंत थापा को वारदात से कुछ दिन पहले ही घरेलू कुक के तौर पर नौकरी पर रखा था. पुलिस अब उसके पुराने रिकॉर्ड और उसके द्वारा इस्तेमाल किए गए नामों की जानकारी जुटा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से घरों में नौकरी हासिल करता था.
खरड़ और मोहाली में भी ऐसी वारदातें: पुलिस के अनुसार हेमंत थापा इससे पहले खरड़ और मोहाली में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है. इन मामलों में भी उसने घरेलू नौकर बनकर घर में प्रवेश किया और परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट की थी. पुलिस के मुताबिक आरोपी नेपाल का रहने वाला है और नेपाल में भी उसकी तलाश की जा रही है.
लोगों से सतर्क रहने की अपील: चंडीगढ़ पुलिस ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि आरोपी नाम बदलकर घरों में कुक की नौकरी करता है और बाद में परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट कर फरार हो जाता है. पुलिस ने लोगों से घरेलू कामगार रखने से पहले उसकी पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन कराने की अपील की है. फिलहाल आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं.
जानें क्या बोले डीएसपी: इस पूरे मामले में चंडीगढ़ ईस्ट के डीएसपी पी अभिनंदन ने कहा कि, "यह पूरा मामला 14 अगस्त का है. यह कोई पहला मामला नहीं है इससे पहले भी इस तरह के दो मामले ट्राई सिटी के अंदर दर्ज किए गए हैं. मोहाली में इन्होंने दो वारदातें कि हैं एक नवंबर 2025 और मार्च 2026 को यह वारदातें हुई. अब चंडीगढ़ में 14 अगस्त को यह वारदात हुई है. मोहाली के सेक्टर 88 में जब वारदात को अंजाम दिया गया था तो उसे समय यह एक कपल बनकर गया था.अगर मोड्स अप्रेंडी की बात करें तो तो सही समय का इंतजार करके आरोपी वारदात को अंजाम देता है. चंडीगढ़ में जो यह वारदात हुई है उसमें सोने का सामान कुछ कैश समेत कीमती चीजों को लेकर फरार हुआ है. चंडीगढ़ पुलिस लगातार इस मामले की जांच कर रही है. उसके साथ-साथ आम जनता से भी चंडीगढ़ पुलिस की अपील है कि किसी को भी आप घर पर रखते हो तो पहले उसकी पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवा लें. जिससे इस तरह की वारदात आगे ना हो. पुलिस ने आरोपी कंपोस्ट भी सोशल मीडिया पर जारी किए हैं. नेपाल पुलिस से इस मामले में संपर्क साधा गया है, वहां भी आरोपी वांटेड है."
ये भी पढ़ें:चंडीगढ़ में दिवंगत कांग्रेस नेता के घर करोड़ों के जेवर-नकदी की चोरी, कुक पर आरोप

