चंडीगढ़ मेयर चुनाव की तारीख तय, प्रशासनिक तैयारियां तेज
चंडीगढ़ मेयर चुनाव 2026 की तारीख का ऐलान हो गया है. इस बार क्रॉस वोटिंग को लेकर आशंका खत्म होगी. जानें कब होंगे चुनाव


Published : January 3, 2026 at 8:27 AM IST
चंडीगढ़ नगर निगम में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है. चुनाव 20 जनवरी को होंगे. डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव ने नगर निगम पहुंचकर चुनाव से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ अहम बैठक की. बैठक में चुनाव को लेकर पूरी प्रक्रिया पर चर्चा भी की गई. अधिकारियों ने बताया कि "चुनाव तय कानून और नियमों के अनुसार ही कराया जाएगा, ताकि किसी तरह का विवाद न हो".
क्रॉस वोटिंग की आशंका होगी खत्म: इस बार चुनाव हाथ खड़े कर कराया जाएगा. जिससे क्रॉस वोटिंग की आशंका समाप्त हो जाएगी. यानी जब किसी उम्मीदवार का नाम लिया जाएगा, तो पार्षद खुले तौर पर हाथ उठाकर अपना वोट देंगे. वोटों की गिनती सभी के सामने की जाएगी और उसका पूरा रिकॉर्ड भी रखा जाएगा. चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी कार्रवाई की लगातार वीडियोग्राफी भी होगी. यह वीडियो कम से कम 90 दिनों तक सुरक्षित रखा जाएगा. प्रशासन ने तय सीमा में मीडिया कवरेज और लाइव दिखाने की भी अनुमति दी है.
चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था: वहीं, मेयर चुनाव की बैठक की जिम्मेदारी पार्षद डॉ. रमनीक सिंह बेदी को सौंपी गई है. वे बैठक की अध्यक्षता करेंगे और यह देखेंगे कि चुनाव शांति और नियमों के साथ पूरा हो. सुरक्षा को लेकर भी सख्ती रहेगी. किसी भी पार्षद को बाहरी समर्थक या निजी सुरक्षाकर्मी लाने की अनुमति नहीं होगी. केवल अधिकृत लोगों को ही नगर निगम भवन में प्रवेश मिलेगा. चंडीगढ़ पुलिस भी चुनाव के समय तैनात रहेगी.

