ETV Bharat / state

चंडीगढ़ में 38वें गुलदाऊदी शो का भव्य आगाज, 260 किस्मों के फूलों से महका सेक्टर-33 टैरेस्ड गार्डन

चंडीगढ़ सेक्टर-33 टैरेस्ड गार्डन में 38वें गुलदाऊदी शो की शुरुआत हो चुकी है. यहां 260 किस्मों के फूलों की प्रदर्शनी की गई.

Chandigarh 38th Guldawdi Show
चंडीगढ़ में 38वें गुलदाऊदी शो का भव्य आगाज (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 20, 2025 at 9:55 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: चंडीगढ़ में तीन दिनों तक चलने वाले 38वां गुलदाऊदी शो का आगाज हो गया है. सेक्टर-33 स्थित टैरेस्ड गार्डन में नगर निगम द्वारा आयोजित इस शो का उद्घाटन चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने किया. इस दौरान उनकी पत्नी अनीता कटारिया भी उनके साथ मौजूद थी. साथ ही इस मौके पर चीफ सेक्रेटरी, होम सेक्रेटरी, नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

260 किस्मों के गुलदाऊदी फूलों की प्रदर्शनी: इस वर्ष गुलदाऊदी शो में लगभग 260 किस्मों के गुलदाऊदी फूल प्रदर्शित किए गए हैं. शो के दौरान अलग-अलग रंगों, आकारों और प्रजातियों के फूलों को देखने के लिए पहले ही दिन बड़ी संख्या में शहरवासी और पर्यटक पहुंचे. टैरेस्ड गार्डन को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे पूरा वातावरण मनमोहक नजर आ रहा है.

Chandigarh 38th Guldawdi Show
चंडीगढ़ 38वें गुलदाऊदी शो (ETV Bharat)

चंडीगढ़ प्रशासक ने दिया खास संदेश: उद्घाटन के दौरान चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि, “गुलदाऊदी शो केवल फूलों की प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि यह शहर की सुंदरता, पर्यावरण संरक्षण और लोगों के आपसी जुड़ाव का प्रतीक है. ऐसे आयोजनों से नागरिकों को प्रकृति के करीब आने का अवसर मिलता है. इससे चंडीगढ़ की पहचान और मजबूत होती है."

38वें गुलदाऊदी शो (ETV Bharat)

विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन: शो के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें घरों के गार्डन में तैयार किए गए खूबसूरत गमलों को भी शामिल किया गया. दर्शकों की सुविधा के लिए फूड स्टॉल लगाए गए, जहां परिवार और बच्चे समय बिता सकें. इसके अलावा युवाओं को आकर्षित करने के लिए एक विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जो लोगों को बेहद पसंद आ रहा है.

नगर निगम की खास पहल: इस बारे में नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने बताया, “इस बार गुलदाऊदी शो में कई नई गतिविधियां जोड़ी गई हैं. निगम की ओर से सूचना और जागरूकता से जुड़े स्टॉल भी लगाए गए हैं, ताकि लोग नगर निगम की सेवाओं की जानकारी ले सकें. नगर निगम की आर्थिक स्थिति बेहतर होने के कारण इस बार शो का पूरा खर्च निगम ने स्वयं वहन किया है."

बता दें कि यह गुलदाऊदी शो रविवार तक चलेगा. हर वर्ष की तरह इस बार भी सैकड़ों की संख्या में शहरवासी और पर्यटक इस शो का आनंद लेने पहुंच रहे हैं और फूलों की इस अनोखी दुनिया में खोए नजर आ रहे हैं.

ये भी पढ़ें:बढ़ते पॉल्यूशन के बीच इन पौधों की बढ़ी डिमांड, नर्सरियों में बड़ी संख्या में पहुंच रहे लोग