चंपावत पुलिस ने पांच लाख की स्मैक के साथ नशा तस्कर को गिरफ्तार किया, पहले से ही 15 मुकदमे हैं दर्ज
क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण और प्रभारी थानाध्यक्ष बनबसा सुरेंद्र सिंह कोरंगा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 21, 2026 at 4:48 PM IST
चंपावत: नशे के कारोबार पर चंपावत पुलिस ने एक बार फिर करारा प्रहार किया है. बनबसा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 24.77 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस स्मैक की कीमत करीब पांच लाख रुपए बताई जा रही है.
चंपावत में नशा तस्कर गिरफ्तार: पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है. उसके खिलाफ पहले से 15 मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी आबकारी, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं. गौरतलब है कि ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत चंपावत पुलिस द्वारा नशे के तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है.
पांच लाख की स्मैक बरामद: इसी क्रम में 19 अगस्त को क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण और प्रभारी थानाध्यक्ष बनबसा सुरेंद्र सिंह कोरंगा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की. पुलिस ने बनबसा के मीना बाजार झोपड़पट्टी क्षेत्र में आरोपी के आवास के पास से 24.77 ग्राम अवैध स्मैक यानी हेरोइन बरामद की.
मुकदमा दर्ज किया गया: मौके से पुलिस ने 58 वर्षीय रोहन लाल पुत्र इतवारी लाल, निवासी वार्ड नंबर-04, मीना बाजार झोपड़पट्टी, थाना बनबसा को गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बनबसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है.
आरोपी पर पहले से ही 15 मुकदमे दर्ज हैं: पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कुल 15 अभियोग पंजीकृत हैं. आरोपी स्मैक तस्कर को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक धीरेन्द्र सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल एजाज अहमद, हेड कांस्टेबल नईम अहमद, महिला कांस्टेबल चन्द्रा आर्या और कांस्टेबल मदन सिंह शामिल रहे.
ये भी पढ़ें: चंपावत पुलिस ने 1 करोड़ की 306 ग्राम स्मैक बरामद की, अग्निवीर समेत 2 गिरफ्तार, नानकमत्ता में दंपति अरेस्ट

