चमोली में भालू के हमले में ग्रामीण घायल, किया गया एयरलिफ्ट, ऋषिकेश में युवकों को दौड़ाया
ऋषिकेश में भालू ने घर जा रहे दो युवकों को दौड़ाया, दोनों ने भागकर बचाई जान, चमोली में भालू के हमले में ग्रामीण घायल

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 1, 2026 at 8:26 PM IST
|Updated : January 1, 2026 at 9:16 PM IST
चमोली/ऋषिकेश: उत्तराखंड के चमोली जिले में भालू का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला नंदानगर ब्लॉक का है. जहां खुनाणा गांव में भालू ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया. जिसमें ग्रामीण बुरी तरह से घायल हो गया, जिसे एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया है. इधर, ऋषिकेश में भालू घूम रहे हैं. जहां भालू ने दो युवकों का पीछा किया. गनीमत रही कि उनकी जान बच गई.
चमोली जिले में भालू का आतंक, खुनाणा गांव में ग्रामीण पर किया हमला: चमोली जिले में भालू के आतंक से ग्रामीण डरे और सहमे हुए हैं. ग्रामीण अंचल से लेकर शहर इलाकों में डर का माहौल है. रात के अंधेरा हो या सुबह का उजाला, भालू अलग-अलग स्थान पर देखा जा रहा है. इसी कड़ी में ताजा हमला हुआ है.
बदरीनाथ के प्रभागीय वन अधिकारी सर्वेश दुबे ने बताया कि चमोली जिले के नंदानगर ब्लॉक के खुनाणा गांव में भालू ने केसर सिंह (उम्र 35 वर्ष) पर हमला कर पूरी तरह घायल कर दिया. बताया जा रहा है कि केसर सिंह जंगल में बकरी चराने गया था. तभी भालू ने अचानक उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया.
किसी तरह से वो भालू के चंगुल से निकला. इसके बाद स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और वन विभाग को सूचना दी. ग्रामीणों की मदद से घायल केसर सिंह को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पर प्राथमिक उपचार किया गया. फिर डॉक्टरों की सलाह पर जिलाधिकारी गौरव कुमार के आदेश के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया.
हेलीकॉप्टर से भेजा गया एम्स ऋषिकेश: वहीं, एयरलिफ्ट के जरिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया. जहां पर उनका इलाज चल रहा है. सर्वेश दुबे ने बताया कि हमले में गंभीर घायल केसर सिंह को प्राथमिक तौर पर आर्थिक मदद 25 हजार रुपए उनके परिजनों को दे दिया गया है. घायल का उपचार का खर्चा भी वन विभाग उठाएगा.

ऋषिकेश में भालू ने घर जा रहे दो युवकों को दौड़ाया, भागकर बचाई जान: ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र में भालू का आतंक बढ़ता नजर आ रहा है. भालू की गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में कैद हो रही है. जिससे ग्रामीण काफी भयभीत हैं. भालू रात के समय खास तौर पर देहात इलाके की गलियों में घूमता हुआ देखा जा रहा है.
एक सीसीटीवी फुटेज ऐसी देखी गई है, जिसमें रात के समय सड़क पर चल रहे दो युवकों का सामना भालू से हो गया. भालू को देख वो अपनी जान बचाने के लिए भागे. भालू ने उनका पीछा भी किया, लेकिन वो अपनी जान बचाने में किसी तरह से सफल हुए हैं.

वहीं, स्थानीय लोग भालू की वजह से अपने बचाव में वन विभाग से गुहार लगा रहे हैं कि जल से जल्द भालू को पड़कर घने जंगल में शिफ्ट किया जाए, जिससे उन लोगों की जान पर खतरा न रहै. वहीं, इस मामले में ऋषिकेश वन क्षेत्राधिकारी से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया.
ये भी पढ़ें-

