चंबा में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी बोलेरो कैंपर, एक की मौत, 2 की हालत नाजुक
खाई में गिरी बोलेरो कैंपर निजी हाइड्रो पावर कंपनी चांजू की थी, जो सामान लेकर जा रही थी.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 7, 2026 at 10:49 PM IST
|Updated : January 7, 2026 at 10:56 PM IST
चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक बार फिर रफ्तार और पहाड़ी सड़कों पर लापरवाही जानलेवा साबित हुई है. चंबा-तीसा मुख्यमार्ग पर गुन्नू नाला के पास एक बोलेरो कैंपर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार बोलेरो कैंपर चंबा से तीसा की ओर जा रही थी. जैसे ही वाहन गुन्नू नाला के पास पहुंचा, अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और गाड़ी करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. हादसा इतना भयानक था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
एक की मौत, दो घायल
हादसे में सवार तीन लोगों में से एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया.
निजी हाइड्रो कंपनी की बताई जा रही गाड़ी
बताया जा रहा है कि बोलेरो कैंपर चांजू स्थिति निजी हाइड्रो पावर कंपनी (साईं हाइड्रो) की थी, जो सामान लेकर जा रही थी. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई. पुलिस ने राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोगों के साथ मिलकर सहयोग किया. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया, "दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन सभी पहलुओं की बारीकी से छानबीन की जाएगी."
ये भी पढ़ें: चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर तेज रफ्तार का कहर, नौलखा बाईपास के पास तीन कारों की भीषण टक्कर

