चंबा में गहरी खाई में गिरी पिकअप, महिला की मौत, 3 घायल
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 20, 2026 at 7:53 PM IST
चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में गैहरा-मरौर मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. चौंरा कैंची के समीप एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा. हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. घायलों को मेडिकल कॉलेज चंबा लाया गया, जहां एक महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे टांडा रेफर किया गया है. जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन गैहरा-मरौर मार्ग से होते हुए मरौर की ओर जा रहा था. वाहन में सेब लाने के लिए लोग जा रहे थे. चौंरा कैंची के पास मोड़ काटते समय चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद पिकअप सड़क से नीचे करीब 800 मीटर गहरी खाई में जा गिरी.
हादसे में महिला की मौत
हादसे में पियूहरा पंचायत के डुमाला गांव निवासी कजनो देवी, पत्नी कृष्ण राम की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं सुरेश कुमार और पिकअप चालक अजय कुमार घायल हुए हैं. घायल महिला अलका देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया. मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार के दौरान अलका देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया. वहीं सुरेश कुमार और चालक अजय कुमार का उपचार मेडिकल कॉलेज चंबा में जारी है.

स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की. पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन हादसा सड़क की स्थिति, मोड़ या किसी अन्य वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी.
ये भी पढ़ें: 200 मीटर गहरी खाई में गिरने से बची HRTC बस, 30 जिंदगियों का रक्षक बना क्रैश बैरियर
ये भी पढ़ें: हिमाचल में 2 ट्रकों के बीच भीषण टक्कर में अब तक 4 लोगों की मौत, 7 घायल

