ETV Bharat / state

चंबा के भरमौर में 200 साल पुराना गिरड़ माता मंदिर जलकर राख, मूर्तियों को भी नुकसान

इस अग्निकांड में मंदिर के भीतर स्थापित संगमरमर, ब्लैक स्टोन और पीतल से बनी देवी-देवताओं की मूर्तियों को भी भारी नुकसान पहुंचा है.

chamba bharmour girad mata temple fire incident
चंबा के भरमौर में 200 साल पुराना गिरड़ माता मंदिर जलकर राख (VIRAL VIDEO)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 6, 2026 at 10:03 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां ग्राम पंचायत खुंदेल के गिरड़ में स्थित करीब 200 साल पुराना गिरड़ माता मंदिर भीषण अग्निकांड में पूरी तरह जलकर राख हो गया. इस हादसे से न केवल लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, बल्कि क्षेत्र के लोगों की धार्मिक भावनाओं को भी गहरी ठेस पहुंची है.

यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ, जब अचानक मंदिर से आग की लपटें उठने लगीं. देखते ही देखते आग ने पूरे मंदिर को अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि मंदिर को बचाया नहीं जा सका. कुछ ही समय में पूरा मंदिर जलकर राख हो गया.

चंबा के भरमौर में 200 साल पुराना गिरड़ माता मंदिर जलकर राख (VIRAL VIDEO)

मूर्तियां और ऐतिहासिक धरोहर नष्ट

इस अग्निकांड में मंदिर के भीतर स्थापित संगमरमर, ब्लैक स्टोन और पीतल से बनी देवी-देवताओं की मूर्तियों को भी भारी नुकसान पहुंचा है. देवदार की लकड़ी से निर्मित मंदिर पूरी तरह जल गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. यह मंदिर प्राचीन कला और काष्ठ शिल्प का बेहतरीन उदाहरण माना जाता था. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह मंदिर करीब 200 वर्ष पूर्व गांव वालों द्वारा बनवाया गया था. इतने लंबे इतिहास में कभी भी मंदिर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था. अचानक इस तरह आग लगना लोगों के लिए हैरानी और चिंता का विषय बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि यह मंदिर उनकी आस्था और परंपरा का केंद्र रहा है.

मंदिर में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. गांव वालों का कहना है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आग कैसे लगी. लोगों की मान्यता और भावनाएं इस मंदिर से जुड़ी थीं, इसलिए वे इस पूरे मामले की गहन जांच की मांग कर रहे हैं.

आग लगने की घटना की होगी जांच

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी चंबा अमित मेहरा ने बताया, "गिरड़ माता मंदिर काफी पुराना था और इसके जलने की घटना गंभीर है. आग लगने के कारणों की जांच करवाई जाएगी और प्रशासन पूरे मामले को गंभीरता से ले रहा है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी."

गौरतलब है कि भरमौर क्षेत्र को शिव भूमि के नाम से जाना जाता है. यहां अनेक प्राचीन मंदिर स्थित हैं, जिनकी अपनी अलग-अलग धार्मिक मान्यताएं हैं. गिरड़ माता मंदिर का इस तरह नष्ट होना पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति मानी जा रही है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल की अनुष्का ने परीक्षा पे चर्चा 2026 में PM मोदी से किया सीधा संवाद, कहा- अब परीक्षा डर नहीं, उत्सव लगती है