कानपुर में चकेरी एयरपोर्ट का होगा विस्तार, पहली बार पायलट व क्रू मेंबर्स के लिए ट्रेनिंग सेंटर
केडीए के चीफ टाउन प्लानर बोले-शहर के मवैया में 48 एकड़ जमीन की गई चिन्हित, शासन के पास प्रस्ताव.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 2, 2026 at 8:00 PM IST
कानपुर: शहर में कुछ समय पहले ही जिस चकेरी एयरपोर्ट के नवीन भवन का उद्घाटन किया गया था, अब उसी भवन का विस्तार होगा. नए सिविल टर्मिनल निर्माण के साथ ही कानपुर में पहली बार पायलट, क्रू मेंबर्स समेत अन्य स्टाफ के लिए ट्रेनिंग सेंटर भी बनाया जाएगा. इसके लिए कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) अफसरों ने खाका खींच लिया है.
केडीए के चीफ टाउन प्लानर मनोज कुमार ने बताया कि चकेरी एयरपोर्ट विस्तार को लेकर डीएम के यहां से प्लानिंग संबंधी निर्देश मिले थे. ऐसे में अफसरों ने मौके पर जाकर स्थिति देखी, तो गांव मवैया में 48 एकड़ जमीन को विस्तारीकरण के लिए चिन्हित कर लिया गया. जिसमें अभी कुछ जमीन जहां केडीए के पास है तो कुछ पर निजी कंपनियों का मालिकाना हक है. हालांकि, केडीए अफसरों द्वारा अब पूरा प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है. केडीए के चीफ टाउन प्लानर ने कहा कि, शासन से हरी झंडी मिलते ही जमीन अधिग्रहण का काम शुरू कर देंगे. इसके बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी आफ इंडिया द्वारा ट्रेनिंग सेंटर का निर्माण कराया जाएगा. यह कानपुर का पहला एेसा ट्रेनिंग सेंटर होगा, जहां देशभर के पायलट, क्रू मेंबर्स आदि प्रशिक्षण ले सकेंगे.
केडीए की महायोजना 2031 में शामिल था एयरपोर्ट विस्तार: केडीए के चीफ टाउन प्लानर मनोज कुमार ने बताया कि, कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) द्वारा जो महायोजना 2031 का प्लान बना था, उसमें चकेरी एयरपोर्ट के विस्तार को शामिल किया गया था. उस समय 48 एकड़ जमीन पर आवासीय व अन्य कारणों से लैंडयूज का जिक्र था. जिसमें कुछ बदलाव किए गए हैं. उन्होंने ये भी कहा, जैसे ही एयरपोर्ट का विस्तार होगा तो आने वाले समय में कानपुर से कई नए शहरों के लिए फ्लाइट्स सुविधाएं भी बढ़ जाएंगी. कहा कि हम शासन से अनुमति मिलने का इंतजार कर रहे हैं.

