भिलाई में चैतन्य बघेल का स्वागत, कहा- खुशी है बेटे के जन्मदिन पर घर वापस आया, जेल में पढ़ाई में ही गुजरा समय
शराब घोटाला मामला में चैतन्य बघेल को हाईकोर्ट से सशर्त जमानत मिली. 168 दिन बाद वे जेल से रिहा हुए. भिलाई निवास में स्वागत हुआ.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 3, 2026 at 8:09 PM IST
भिलाई: भूपेश बघेल के बेटे चेतन बघेल के जमानत के बाद घर में जश्न का माहौल दिखा. घर के सदस्य और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया. ढोल नगाड़ों की धुन में जमकर नाच गाना हुआ, पटाखे फोड़े गए और समर्थकों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी जाहिर की. चैतन्य बघेल को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने शराब घोटाला मामले से जुड़े ईडी और एंटी-करप्शन ब्यूरो/इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ACB/EOW) के दोनों मामलों में सशर्त जमानत दी है. यह जमानत 168 दिनों की जेल अवधि के बाद मिली है.
क्या कहा चैतन्य बघेल ने: भिलाई में मीडिया से बात करते हुए चैतन्य बघेल ने कहा कि मैं आज अपने बेटे के जन्मदिन पर घर वापस आया हूं.इस बात की मुझे काफी ज्यादा खुशी है. मुझे जेल में एक सेल के अंदर रखा गया था.इसलिए मैं जेल के अंदर किसी से भी नहीं मिल सका. जेल में ज्यादातर समय मेरा पढ़ाई करने में ही गुजरा.
भगवान का शुक्र मनाता हूं कि मुझे कुछ सीखने का मौका दिया है. मुझे यकीन नहीं था कि मैं इतनी जल्दी जेल से बाहर आ पाउंगा, मेरे वकील और भगवान का धन्यवाद देता हूं कि आज मैं बाहर हूं- चैतन्य बघेल,भूपेश बघेल के बेटे
शराब घोटाले में हुई थी गिरफ्तारी: ED ने चैतन्य बघेल को 18 जुलाई 2025 को मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया था. इस घोटाले में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल, मुख्यमंत्री की पूर्व उपसचिव रही सौम्या चौरसिया के साथ ही व्यवसायी अनवर ढेबर, सहित कई अफसरों के नाम हैं.चैतन्य बघेल को मनी लॉन्ड्रिंग और कमीशन लेने के आरोप में 18 जुलाई 2025 को गिरफ्तार किया गया था.
भूपेश बघेल ने क्या कहा: बेटे की जमानत पर भूपेश बघेल ने कहा कि यह सत्य की जीत है. सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं होता. बीजेपी पर तंज कसते हुए यह भी कहा कि मैं और चैतन्य के समर्थक काफी खुश हैं. यदि मैं 100 करोड़ रुपए भी खर्च कर देता तो भी लोग चैतन्य को नहीं जानते.जितना बीजेपी के कारण लोग जानने लगे हैं.

