रांची में स्नैचर्स एक्टिव, थाने के पीछे सरेआम महिला से छीन ली सोने की चेन
रांची में बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला के गले से चेन छीन ली.

Published : July 3, 2026 at 2:52 PM IST
रांची: राजधानी में बाइकर्स गिरोह ने एक बार पुलिस को चुनौती दी है. इस बार मामला थोड़ा गंभीर है, क्योंकि स्नैचर्स ने रांची के बरियातू थाना से महज कुछ ही दूरी पर एक महिला के गले से सोने की चेन झपट लिया और मौके से फरार हो गए.
सब्जी लेकर लौट रही थी महिला
रांची में महिलाओं के लिए गले में सोने की चेन पहनना अब आसान नहीं रहा है, क्योंकि आए दिन स्नैचर्स उनके गले से कीमती चेन झपट ले रहे हैं. ताजा मामला रांची के बरियातू थाना क्षेत्र का है. महिला सब्जी खरीद वापस अपने घर लौट रही थी. इस बीच बाइक सवार दो अपराधी पहले महिला के आगे जाते हैं, फिर वापस लौटकर उसके गले से चेन छीन लेता है और मौके से फरार हो जाता है. अपराधियों को पकड़ने के लिए महिला उसके पीछे दौड़ी लेकिन तब तक अपराधी फरार हो गए. घटना शुक्रवार सुबह बरियातू थाना क्षेत्र स्थित अर्पण विला, विद्यापति मार्ग स्थित तेतर टोली गेट के समीप की है.
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
इस घटना को थाने के पीछे अंजाम दिया गया है. जिससे साफ पता चलता है कि अपराधी बेखौफ हैं. अपराधियों की पूरी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें साफ दिख रहा है कि एक महिला सब्जी खरीदकर घर लौट रही थी, तभी बाइक पर तेजी से दो अपराधी आए और पीछे बैठे व्यक्ति ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली. दोनों अपराधी हेलमेट पहने हुए थे.
जांच में जुटी पुलिस
रांची के सदर डीएसपी संजीव ने बताया कि बरियातू में एक चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश कर रही है. बाइक का नंबर भी पता चला है, उसकी भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: रांची में बेखौफ स्नैचर: कहीं सोने की चेन तो कहीं झपट लिया मोबाइल फोन
रांची में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की कोशिश, अपराधियों से अकेले भिड़ गई महिला
कोडरमा में चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस की गिरफ्त में आई ओडिया बोलने वाली आठ महिलाएं

