सीजीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं शुरू, पहले दिन हुआ 12वीं का पेपर, धमतरी में सुरक्षा के सख्त इंतजाम
छत्तीसगढ़ में बोर्ड की परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो गई है. पहले दिन 12वीं बोर्ड की परीक्षा हुई.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 20, 2026 at 3:40 PM IST
धमतरी: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की तरफ से आयोजित बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई है. पहले दिन 12वीं बोर्ड की परीक्षा थी. बोर्ड परीक्षा में शुक्रवार को पहले पेपर के तौर पर भूगोल और भौतिक शास्त्र की परीक्षा हुई. शनिवार 21 फरवरी से 10वीं बोर्ड परीक्षा की शुरुआत होगी. 12वीं बोर्ड परीक्षा के पहले दिन धमतरी में कड़ी सुरक्षा के बीच एग्जाम संपन्न हुए.
भूगोल और भौतिक शास्त्र का एग्जाम संपन्न
बोर्ड परीक्षा के पहले दिन भूगोल और भौतिक शास्त्र का पेपर हुआ.धमतरी में परीक्षार्थी सुबह 8:30 बजे से परीक्षा केंद्र पहुंचने लगे थे. सुबह 9 बजे एग्जाम हॉल में विद्यार्थी परीक्षा देने बैठ गए. परीक्षा को लेकर स्कूली विद्यार्थी काफी उत्साहित दिखे. कड़ी सुरक्षा के बीच विद्यार्थियों ने बोर्ड एग्जाम का पेपर सॉल्व किया.
नकल रोकने के लिए किए गए इंतजाम
धमतरी जिले में शिक्षा विभाग की ओर से नकल पर रोक लगाने जिला स्तर पर 16 उड़नदस्ता टीमें बनाई गई हैं. जिनमें प्रत्येक में 2 अधिकारी शामिल होंगे. इसके अलावा शिक्षा विभाग द्वारा 2 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जबकि विकासखंड स्तर पर 4 टीमों का गठन किया है, जिनमें भी 4-4 अधिकारी है.स्कूली बच्चों को प्रवेश पत्र लाने और परीक्षा गाइडलाइंस को मानने की सख्त हिदायत दी गई है.
इस बार परीक्षा के लिए 2 नए परीक्षा केंद्र रिसगांव, कोसमर्रा स्कूल को बनाया गया है. डीईओ अभय जायसवाल ने बताया कि इस बार धमतरी में 12वीं की परीक्षा में कुल 7812 परीक्षार्थी पंजीकृत है. इसके लिए 83 परीक्षा केंद्र बनाये गए है. कक्षा 10वीं की परीक्षा 21 फरवरी से शुरू होगी, जिसमें 10 हजार 840 परीक्षार्थी पंजीकृत है. इसके लिए 85 परीक्षा केंद्र बनाए हैं. शिक्षा विभाग द्वारा जरूरी सभी तैयारियां जैसे प्रश्न पत्र, उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण पहले ही पूरा कर लिया गया था.

