ETV Bharat / state

गोवा के होटल से छत्तीसगढ़ की सियासत में तूफान..! भाजपा का बघेल परिवार पर हमला, कांग्रेस ने बताया राजनीतिक षड्यंत्र

शराब घोटाले की अवैध कमाई से गोवा में आलीशान होटल खरीदने का आरोप, कांग्रेस ने कहा- होटल खरीदने के प्रमाण कहां हैं?

BHUPESH BAGHEL GOA HOTEL
शराब घोटाले की अवैध कमाई से गोवा में आलीशान होटल खरीदने का आरोप (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : June 3, 2026 at 7:57 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रायपुर. छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले की जांच को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है. ईडी की छठवीं चार्जशीट के हवाले से भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. भाजपा का दावा है कि शराब घोटाले की अवैध कमाई से गोवा में आलीशान होटल खरीदा गया, जबकि कांग्रेस ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए भाजपा और केंद्रीय एजेंसियों पर राजनीतिक साजिश रचने का आरोप लगाया है.

भूपेश बघेल और उनके परिवार पर गंभीर आरोप (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

ईडी की चार्जशीट के आधार पर भाजपा का बड़ा आरोप

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारवार्ता कर दावा किया कि नॉर्थ गोवा में स्थित होटल वेस्टिन को छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले की रकम से खरीदा गया था. उन्होंने ईडी की छठवीं चार्जशीट का हवाला देते हुए कहा कि होटल खरीदने के लिए लगभग 110 करोड़ रु की अवैध नगदी गोवा भेजी गई थी. भाजपा का आरोप है कि ईडी के दस्तावेजों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल के इशारे पर इस रकम को गोवा भेजे जाने का उल्लेख किया गया है.

माइक लपकने वाले बघेल अब क्यों खामोश?

नलिनीश ठोकने ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आम मुद्दों पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हैं, लेकिन इतने गंभीर आरोपों पर उनकी चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भी इस मामले में सवाल उठा चुकी है और आज भी जवाब मांग रही है. भाजपा ने पूछा कि यदि आरोप निराधार हैं तो बघेल परिवार और कांग्रेस इस विषय पर खुलकर जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं.

पूर्ण शराबबंदी के वादे से 'एटीएम मॉडल' तक का आरोप

भाजपा ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस पूर्ण शराबबंदी का वादा कर सत्ता में आई थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद छत्तीसगढ़ को पार्टी का एटीएम बना दिया गया. ठोकने ने दावा किया कि ईडी की जांच आगे बढ़ने के साथ भाजपा के आरोपों की पुष्टि होती दिखाई दे रही है और कथित शराब घोटाले से जुड़े कई नए तथ्य सामने आ रहे हैं.

कांग्रेस का पलटवार- छवि खराब करने की साजिश

भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है. कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि ईडी का काम शुरू से ही कांग्रेस नेताओं की छवि खराब करना रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कथित शराब घोटाले के नाम पर ईडी और सीबीआई ने मिलकर एक राजनीतिक षड्यंत्र रचा है और राज्य में भाजपा सरकार आने के बाद ईओडब्ल्यू को भी इसमें शामिल कर लिया गया.

होटल खरीदने के प्रमाण कहां हैं?

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि ईडी लगातार दावा कर रही है कि गोवा में होटल खरीदा गया और संपत्तियां जब्त की गईं, लेकिन अब तक कोई ऐसा ठोस और निर्विवाद प्रमाण सार्वजनिक नहीं किया गया है जिससे इन आरोपों की पुष्टि हो सके. उन्होंने कहा कि पहले 6000 करोड़ रुपये के घोटाले की बात कही गई, फिर 3000 करोड़, उसके बाद 2000 करोड़ और अब करीब 1000 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने की बात कही जा रही है. इससे एजेंसियों के दावों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं.

कोर्ट में नहीं टिकेगा मामला

कांग्रेस का कहना है कि यह पूरा मामला राजनीतिक प्रोपेगेंडा और विपक्षी नेताओं को बदनाम करने की कोशिश का हिस्सा है. सुशील आनंद शुक्ला ने दावा किया कि अदालत में इन आरोपों का कोई ठोस आधार साबित नहीं हो पाएगा और अंततः सच्चाई सामने आ जाएगी.

ईडी की छठवीं चार्जशीट सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में शराब घोटाला एक बार फिर बड़ा मुद्दा बन गया है. भाजपा इसे भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा सबूत बता रही है, जबकि कांग्रेस इसे राजनीतिक प्रतिशोध और एजेंसियों के दुरुपयोग का मामला बता रही है. अब सबकी निगाहें जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई और अदालत की प्रक्रिया पर टिकी हैं, जहां इन आरोपों और प्रत्यारोपों की वास्तविकता की परीक्षा होगी.

रायपुर में राष्ट्रीय बजरंग दल ने फूंका महंत का पुतला, जगदगुरु रामभद्राचार्य पर नेता प्रतिपक्ष की टिप्पणी से बढ़ी नाराजगी
कचरे के ढेर पर शहर फिर भी बढ़ा यूजर चार्ज, कांग्रेस बोली इतना तो अंग्रेज भी नहीं लेते थे टैक्स
विधायक टोप्पो और नायब तहसीलदार विवाद: कांग्रेस बोली- नहीं संभल रहा तो राष्ट्रपति शासन करें लागू, राजस्व निरीक्षक संघ का काम बंद