छत्तीसगढ़ के अचानकमार टाइगर रिजर्व में फायरिंग, तीन आरोपी गिरफ्तार
अचानकमार टाइगर रिजर्व फायरिंग केस में बड़ा एक्शन हुआ है. एटीआर प्रशासन और वन विभाग की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 4, 2026 at 5:33 PM IST
मुंगेली: अचानकमार टाइगर रिज़र्व में बंदूकधारी युवकों ने फायरिंग की. उसके बाद इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इस केस में अचानकमार टाइगर रिजर्व प्रबंधन और वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है जबकि एक युवक फरार बताया जा रहा है. फायरिंग की यह घटना चार पांच दिन पुरानी है.
अचानकमार टाइगर रिजर्व के कोर एरिया की घटना
यह घटना अचानकमार टाइगर रिजर्व एरिया के कोर क्षेत्र की है. कब यह घटना हुई इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है. वन विभाग और अचानकमार टाइगर रिजर्व प्रबंधन की टीम इसकी जांच कर रही है. शुरुआती जांच में यह पता चला है कि निजी वाहन में 4 हथियारबंद युवकों ने ना सिर्फ कोर एरिया में हथियार के साथ प्रवेश किया बल्कि वहां फायरिंग करते हुए वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल कर दिया. वीडियो के वायरल होते ही सब तरफ हड़कंप मच गया. उसके बाद अचानकमार टाइगर रिजर्व प्रबंधन जागा और उसने एक्शन लिया है.
गिरफ्तार आरोपियों के बारे में जानकारी
इस घटना के बाद से छत्तीसगढ़ के वन्यजीव प्रेमियों में गुस्सा पनप गया. उसके बाद वन विभाग की टीम तुरंत एक्शन में आई है. इस केस में वन विभाग की टीम ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है. पकड़े गए आरोपियों के नाम अजीत दास, अनिकेत मौर्य और विक्रांत वैष्णव है.इनके पास से 2 एयर राइफल और एक टाटा सफारी वाहन भी जब्त किया गया है. पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है. इस केस में एक बैरियर गार्ड को हटाया गया है. जबकि एक रेंजर को महज नोटिस थमाया गया है.
हमको जैसे ही वीडियो के संबंध में जानकारी मिली हमने पुलिस के सहयोग से 3 युवकों को गिरफ़्तार कर लिया है. पकड़े गए युवकों के पास से 2 एयर राइफल और एक टाटा सफारी वाहन जब्त किया है.एक नाबालिग की तलाश जारी है इस केस में बैरियर गार्ड को हटाया गया है. संबंधित रेंज के रेंजर को नोटिस जारी किया गया है- यूके गणेशन, डिप्टी डायरेक्टर, अचानकमार टाइगर रिजर्व
अचानकमार टाइगर रिजर्व की सुरक्षा पर सवाल
इस वारदात से अचानकमार टाइगर रिजर्व की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं. सबसे बड़ा सवाल यही खड़ा हो रहा है कि अचानकमार टाइगर रिजर्व में युवक हथियार लेकर कैसे पहुंच गए.

