पुल निर्माण में देरी पर बिफरे डिप्टी सीएम अरुण साव, ठेकेदार पर लिया तगड़ा एक्शन
छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव मुंगेली के दौरे पर थे. यहां उन्होंने पुल निर्माण का जायजा लिया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 22, 2026 at 9:01 PM IST
मुंगेली: छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम और प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री अरुण साव रविवार को मुंगेली के दौरे पर रहे. यहां उन्होंने मुंगेली में सड़क निर्माण और पुल निर्माण का जायजा लिया. अरुण साव ने कारीडोंगरी एवं दरवाजा के बीच मनियारी नदी पर बनाए जा रहे पुल का औचक निरीक्षण किया. कार्य में लेटलतीफी पर डिप्टी सीएम ने विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई. इसके साथ ही उन्होंने ठेकेदार पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए.
पुल निर्माण की धीमी गति पर हुए गुस्सा
डिप्टी सीएम अरुण साव ने पुल निर्माण की धीमी गति पर कड़े शब्दों में नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि, अब तक पुल का निर्माण पूर्ण हो जाना चाहिए था, लेकिन नहीं हुआ है. समय सीमा से काम काफी पीछे हैं. कम मजदूरों से समय पर काम पूर्ण कैसे होगा. साव ने मौके पर मौजूद अधिकारी से कहा कि, बारिश के पूर्व पुल का निर्माण किसी भी स्थिति में पूरा हो जाना चाहिए, क्योंकि वनांचल के ग्रामीणों को बारिश में बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ता है, पुल नहीं होने से ग्रामीणों का संपर्क कट जाता है.
इस बहुप्रतीक्षित पुल के बन जाने से बड़ी राहत मिलेगी, इसके निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा- अरुण साव, डिप्टी सीएम, छत्तीसगढ़
डिप्टी सीएम ने ठेकेदार पर कार्रवाई के दिए निर्देश
डिप्टी सीएम ने कहा कि धीमी गति से निर्माण पर ठेकेदार को सिर्फ नोटिस देने से काम नहीं चलेगा. पेनाल्टी की आवश्यकता हो तो वो भी लगाएं. इस तरह अरुण साव ने साफ कर दिया है कि पुल निर्माण में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

