छत्तीसगढ़ कोयला घोटाला, फरार आरोपी नारायण साहू गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ कोयला घोटाला केस में ईओडब्ल्यू और एसीबी की टीम ने आरोपी नारायण साहू को अरेस्ट किया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 24, 2026 at 9:56 PM IST
रायपुर: छत्तीसगढ़ में कोल लेवी स्कैम में ईओडब्ल्यू एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच एजेंसी ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी नारायण साहू को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है. नारायण साहू के खिलाफ पहले भी गैर जमानती वारंट जारी किया जा चुका था. जांच में पाया गया कि नारायण साहू आरोपी सूर्यकांत तिवारी का गरीबी सहयोगी रहा है. मामले में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
2 मार्च तक रिमांड पर रहेगा नारायण साहू
जांच एजेंसियों की विवेचना में नारायण साहू को लेकर कई खुलासे हुए हैं. यह बात सामने आई है कि नारायण साहू, आरोपी सूर्यकांत तिवारी के लिए कोल लेवी की राशि का कलेक्शन करता था. इतना ही नहीं सौम्या चौरसिया तक इस पैसे को पहुंचाने का कार्य भी करता था. आरोपी नारायण साहू को गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया जिसके बाद कोर्ट ने 2 मार्च तक पुलिस रिमांड दी है.
ढाई साल से फरार था नारायण साहू
EOW/एसीबी की जांच के मुताबिक सूर्यकांत तिवारी द्वारा आरोपी नारायण साहू के नाम पर कई संपत्तियां खरीद कर रखी गई थी. आरोपी पिछले ढाई वर्षों से फरार चल रहा था. आरोपी एजेंसी की पूछताछ से लगातार बचने का प्रयास कर रहा था. न्यायालय के द्वारा आरोपी के खिलाफ पहले भी गैर जमानती वारंट भी जारी किया जा चुका है.
आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद ईओडब्ल्यू एसीबी ने मंगलवार को विस्तृत पूछताछ के लिए आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया है.रिमांड अवधि में आरोपी से कोल लेवी राशि के कलेक्शन पर पूछताछ होगी. इसके अलावा पैसे के ट्रांसफर और उसके नाम पर खरीदी गई संपत्तियों के संबंध में भी विस्तार से पूछताछ होगी. पूछताछ के बाद एसीबी और ईओडब्ल्यू कई नए खुलासे कर सकती है.

