हरियाणा में चीफ सेक्रेटरी की बल्ले-बल्ले, दोबारा मिली एक्सटेंशन, सुमिता मिश्रा, सुधीर राजपाल को लगा झटका
केंद्र सरकार ने हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी को 6 महीने का एक्सटेंशन दे दिया है.

Published : June 30, 2026 at 10:22 PM IST
चंडीगढ़ : केंद्र सरकार ने राज्य सरकार की सिफारिश पर हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की सेवा अवधि में छह महीने का एक्सटेंशन दिया है. खास बात यह है कि इस अधिकारी के लिए यह दूसरा एक्सटेंशन है.
दूसरी बार दिया गया एक्सटेंशन : 1990 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी रस्तोगी 31 दिसंबर, 2026 तक मुख्य सचिव का पद संभालते रहेंगे. रस्तोगी का बढ़ा हुआ कार्यकाल 30 जून को खत्म होने वाला था. पिछले साल भी केंद्र ने रस्तोगी को एक साल का सेवा एक्सटेंशन दिया था, जो 30 जून, 2025 को रिटायर होने वाले थे.
छूट की मंजूरी : केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय के 30 जून, 2026 के आदेश में कहा गया है, "हरियाणा सरकार के 8 जून, 2026 के प्रस्ताव पर, जिसमें रस्तोगी की सेवा अवधि बढ़ाने की बात कही गई थी, केंद्र ने इसे 1 जुलाई, 2026 से 31 दिसंबर, 2026 तक छह महीने की अवधि के लिए मंज़ूरी दे दी है." यह मंज़ूरी "AIS (CS-RM) नियम, 1960 के नियम 3 का इस्तेमाल करते हुए AIS (DCRB) नियम, 1958 के नियम 16 (1) में छूट देकर" दी गई है.

फरवरी में बने थे मुख्य सचिव : फरवरी 2025 में, हरियाणा सरकार ने रस्तोगी को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया था. गौरतलब है कि हरियाणा को तीन महीने से ज़्यादा समय के बाद नया मुख्य सचिव मिला था, जब निवर्तमान मुख्य सचिव विवेक जोशी (1989 बैच के हरियाणा-कैडर के IAS अधिकारी) को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था.
सुमिता मिश्रा, सुधीर राजपाल को झटका : रस्तोगी को एक्सटेंशन मिलने से सबसे ज्यादा सीनियर आईएएस अफसर सुमिता मिश्रा और सुधीर राजपाल की उम्मीदों को झटका लगा है। 1990 बैच के दोनों अफसर CS बनने की दौड़ में थे. अब राजपाल इसी साल 30 नवंबर और सुमिता मिश्रा 31 जनवरी 2027 को रिटायर हो जाएंगी. इसके अलावा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता नाम भी दावेदारों में आगे माना जा रहा था.
मुख्यमंत्री के भरोसेमंद : अनुराग रस्तोगी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के भरोसेमंद अधिकारियों में गिना जाता है. मुख्यमंत्री कार्यालय और मुख्य सचिव कार्यालय के बीच बेहतर तालमेल को भी सरकार उनकी निरंतरता का कारण बता सकती है. यहां तक की उनकी बाईपास सर्जरी के दौरान भी सीएस का अतिरिक्त कार्यभार अन्य किसी अधिकारी को नहीं सौंपा गया था. रस्तोगी लंबे समय तक वित्तीय और प्रशासनिक मामलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : हरियाणा में IAS अधिकारी प्रदीप कुमार को CBI ने किया अरेस्ट, बैंक घोटाले में बड़ा एक्शन
ये भी पढ़ें : हरियाणा सरकार ने IAS पंकज अग्रवाल को किया सस्पेंड, बैंक फ्रॉड मामले में CBI गिरफ्तारी के बाद कार्रवाई
ये भी पढ़ें : हरियाणा के IAS अफसर को CBI ने किया अरेस्ट, पंचकूला नगर निगम फंड घोटाले में बड़ा एक्शन

